जालंधर । जालंधर में ऑफिसर कॉलोनी में बने पार्क का नाम बॉडीबिल्डर वरिंदर सिंह घुम्मन के नाम पर रखा गया। इसका उद्घाटन वरिंदर घुम्मन की बेटी के हाथों करवाया गया। पिता को याद करते हुए बेटी ने कहा कि यह दिन उनके लिए बहुत खास है। उनके पिता सबसे अलग बॉडीबिल्डर थे, जिन्होंने बिना किसी दवा, सप्लीमेंट या शॉर्टकट के 25 साल तक इस क्षेत्र को दिए। उन्होंने मुझे भी फिट रहने के लिए प्रेरित किया, जिससे मैं भी जिम में वर्कआउट करने लगी।

मेरे हीरो और मेरे टीचर रहे
बेटी ने आगे कहा कि पिता मेरे हीरो और शिक्षक रहे। उन्होंने अपने छोटे भाई और मां की मृत्यु का दुख भी अकेले सहा। कभी अपने परिवार को अपने अंदर के दर्द का एहसास नहीं होने दिया। उन्होंने कहा कि पार्क का नाम पिता के नाम पर रखे जाने से ऐसा लगता है कि वह आज भी हमारे बीच हैं और बच्चों को फिट रहने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।उन्होंने यह भी अपील की कि उनके पिता की मौत के पीछे का सच सामने आना चाहिए, क्योंकि उन्होंने देश का नाम रोशन किया था और वह ऐसी मौत के हकदार नहीं थे।
