गुरदासपुर- पंजाब के गुरदासपुर में जेल के गार्ड ने अपनी पत्नी और सास की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी एक सरकारी क्वार्टर में जाकर छिप गया। जब पुलिस वहां पहुंची तो पुलिस को धमकाते हुए कहा कि वह खुद को गोली मार लेगा। पुलिस ने उसे करीब एक घंटे तक समझाने की कोशिश की, लेकिन गार्ड ने सरेंडर करने के बजाय खुद को गोली मारकर सुसाइड कर लिया। एसएसपी आदित्य ने कहा हमारी कई टीमें मौके पर पहुंचीं। टीमों ने सारे इलाके की घेराबंदी कर दी। मामले की हम पूरी जांच कर रहे हैं।

पुलिस स्टेशन की सीढ़ियों पर बैठा आरोपी पुलिसकर्मी हाथ में AK-47 लिए पुलिस से बातचीत करता हुआ दिखाई दिया।
घटना से जुड़े PHOTOS…

घटना का सीसीटीवी सामने आया है जिसमें फायरिंग के बाद पीछे हटती दिख रही हैं महिलाएं।

वारदात के बाद सरकारी क्वार्टर में छिपकर बैठा आरोपी गुरप्रीत।

पुलिस ने करीब एक घंटे तक आरोपी को समझाने की कोशिश की लेकिन वह नहीं माना।

पुलिसकर्मी मीडिया को इशारे कर मौके पर बुलाते हुए।
पढ़िए, पूरा मामला…
- घरेलू विवाद के कारण वारदात: गुरदासपुर के गांव गुत्थी में यह वारदात एक घरेलू विवाद से शुरू हुई। आरोपी की पहचान केंद्रीय जेल गुरदासपुर के गार्ड गुरप्रीत के रूप में हुई है। गुरप्रीत सिंह केंद्रीय जेल गुरदासपुर में निजी कंपनी पेसको के गार्ड के तौर पर तैनात था।
- वारदात के बाद सरकारी क्वार्टरों में जाकर छिप गया: वह अपनी सरकारी एके-47 राइफल लेकर घर पहुंचा। रात करीब 3 बजे उसने अपनी पत्नी अकविंद्र कौर और सास गुरजीत कौर पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद गुरप्रीत घटनास्थल से निकलकर गुरदासपुर की 7 नंबर स्कीम के सरकारी क्वार्टरों में जाकर छिप गया।

- राइफल से खुद को गोली मार ली: पुलिस को सूचना मिली तो टीम मौके पर पहुंची और पूरी इमारत को घेर लिया। पुलिस ने उसे आवाज देकर सरेंडर करने के लिए कहा और करीब एक घंटे तक लगातार समझाने की कोशिश जारी रखी। गुरप्रीत अपने फैसले पर अडिग रहा। उसने पुलिस की अपील ठुकराते हुए अपनी राइफल से खुद को गोली मार ली और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
- 2016 में हुई थी शादी: परिवार के मुताबिक, गुरप्रीत और उसकी पत्नी के बीच लंबे समय से घरेलू तनाव चल रहा था। उसकी साली परमिंदर कौर ने भी बताया कि 2016 में हुई शादी के बाद से अक्सर झगड़े हो जाते थे, जिसे इस घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है।

मामले को लेकर जानकारी देते एसएसपी आदित्य।
घटना को लेकर पुलिस ने कहा…
- जेल से हथियार लेकर घर पहुंचा: एसएसपी आदित्य ने बताया कि आरोपी (मृतक) गुरदासपुर का रहने वाला है। एक्स सर्विसमैन था। यह पेस्को में काम कर रहा था। इस समय जेल की सुरक्षा में तैनात था। हमें देर रात को सूचना आई कि आरोपी जेल से हथियार लेकर चला गया है। इसने दोरांगला पुलिस स्टेशन के एरिया में स्थित घर में अपनी सांस और पत्नी को गोली मार दी।
- टीमों ने सारे इलाके की घेराबंदी कर दी: हमारी मल्टीपल टीमें मौके पर पहुंचीं। एसएसजी और एसओजी टीमों के साथ पहुंचीं। इसके बाद टीमों ने सारे इलाके की घेराबंदी कर दी। हमारी, एसएचओ, एसपीडी और मैंने खुद इससे बातचीत कर कन्वेंस करने की कोशिश की। लेकिन दुर्भाग्यवश इसने खुद पर गोली चला ली। इसके पास एके-47 थी।
- पब्लिक व सिक्योरिटी का पूरा इंतजाम किया गया: अभी तक शुरुआती जांच में पता चला है कि इसका अपनी पत्नी से कोर्ट में कोई विवाद चल रहा था। उन्होंने बताया कि रिहायशी एरिया था। हमने इन्हें चारों तरफ से कॉर्डन किया हुआ था। हरेक प्वाइंट सील कर लिया। वहीं, पब्लिक व सिक्योरिटी का पूरा इंतजाम किया गया। गोली सिर पर कहां मारी है, इस चीज की हम जांच कर रहे हैं।
