“रामवीर सिंह ने संभाला जालंधर के नए डिविजनल कमिश्नर का पदभार, सुशासन और पारदर्शिता का दिलाया भरोसा”

जालंधर/विजयपाल सिंह

वर्ष 2009 बैच के आईएएस अधिकारी रामवीर सिंह ने आज जालंधर के नए डिविजनल कमिश्नर के रूप में पदभार संभाल लिया। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार की नीतियों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से आम जनता तक पहुंचाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता रहेगी।

गौरतलब है कि आईएएस अधिकारी रामवीर सिंह एक अनुभवी और वरिष्ठ प्रशासक हैं, जिन्हें जनसेवा के प्रति उनकी सक्रिय और संवेदनशील कार्यशैली के लिए जाना जाता है। वे इससे पहले राज्य सरकार में कई अहम पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उन्होंने उपायुक्त के रूप में पटियाला, संगरूर और पठानकोट जैसे महत्वपूर्ण जिलों में कार्य किया है, वहीं मार्कफेड के प्रबंध निदेशक के रूप में भी उनकी भूमिका उल्लेखनीय रही है। वर्तमान में वे पंजाब मंडी बोर्ड के सचिव तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, पंजाब के सचिव के पद पर भी कार्यरत हैं।

डिविजनल कमिश्नर रामवीर सिंह ने कहा कि जालंधर डिवीजन में स्वच्छ, पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन उपलब्ध करवाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र के समग्र विकास और निवासियों की खुशहाली को प्राथमिकता देते हुए राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर देने की बात कही। उन्होंने बताया कि प्रशासनिक कार्यप्रणाली को और अधिक सुचारू बनाने के लिए एक पारदर्शी और प्रभावी तंत्र विकसित किया जाएगा।

उन्होंने आगे कहा कि पंजाब सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और नीतियों को आगे बढ़ाया जाएगा ताकि कमजोर और पिछड़े वर्गों को इनका सीधा लाभ मिल सके। इसके साथ ही उन्होंने सरकारी विभागों के कामकाज को और अधिक व्यवस्थित करने तथा आम लोगों को योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने का भी आश्वासन दिया।

इस अवसर पर उपायुक्त जालंधर डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने डिविजनल कमिश्नर रामवीर सिंह का कार्यालय में स्वागत किया। इससे पहले पंजाब पुलिस की एक टुकड़ी द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। इस मौके पर उपायुक्त होशियारपुर आशिका जैन, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के निदेशक विमल कुमार सेतिया, अतिरिक्त निदेशक संदीप गरहा, डीसीपी नरेश डोगरा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

Share This Article
Leave a comment