टक्कर इतनी भीषण थी कि इनोवा का बंपर भी टूट गया। हादसे के बाद आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया, जिसे बाद में पीड़ित परिवार खुद सिविल अस्पताल लेकर आया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
डिग्री लेने कॉलेज जा रही थी छात्रा
घायल छात्रा ने हाल ही में अपनी 12वीं कक्षा पास की थी। वह अपने एक दोस्त के साथ ई-बैटरी एक्टिवा पर सवार होकर एचएमवी कॉलेज में अपनी डिग्री (सर्टिफिकेट) लेने के लिए जा रही थी। जैसे ही उनकी एक्टिवा वर्कशॉप चौक के पास पहुंची, तभी पीछे से आ रही एक इनोवा कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
बिना इंडिकेटर दिए कार चालक ने मारी टक्कर
पीड़ित छात्रा के पिता ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि वर्कशॉप चौक के पास इनोवा कार के चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाई। उसने बिना कोई इंडिकेटर दिए अचानक कार को मोड़ दिया और उनकी बेटी की एक्टिवा में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही छात्रा संतुलन खो बैठी और सड़क पर दूर जा गिरी, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।
झांसा देकर मौके से भागा कार चालक

बंपर टूटने के कारण कार चालक को मजबूरी में कुछ देर के लिए वहां रुकना पड़ा। पीड़ित पिता के अनुसार, कार चालक ने शुरुआत में मानवता दिखाने का नाटक किया और आश्वासन दिया कि वह घायल बच्ची को अस्पताल ले जाने में मदद करेगा और सिविल अस्पताल पहुंचेगा। लेकिन वह अस्पताल आने का झांसा देकर मौके से अपनी कार लेकर रफूचक्कर हो गया।
पिता ने खुद कराया अस्पताल में भर्ती, चेहरे पर आए टांके
कार चालक के भाग जाने के बाद, पीड़ित पिता खुद अपनी घायल बेटी को आनन-फानन में उपचार के लिए जालंधर के सिविल अस्पताल लेकर आए। डॉक्टरों ने बताया कि हादसे में बच्ची के चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं, जिसके कारण उसके चेहरे पर कई टांके लगाने पड़े हैं। पीड़ित परिवार फिलहाल अपने स्तर पर ही बेटी का इलाज करवा रहा है और वे कार चालक की इस हरकत से बेहद सहमे और गुस्से में हैं।
आरोपी के पिता ने दी सफाई
हादसे की सूचना मिलने के कुछ समय बाद इनोवा कार चालक के पिता खुद सिविल अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अपने बेटे का बचाव करते हुए कहा कि दुर्घटना के बाद उनका बेटा बहुत ज्यादा घबरा गया था, जिसके कारण वह मौके से चला गया। कार चालक के पिता ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और घायल छात्रा के इलाज का पूरा खर्च उठाने का आश्वासन दिया है। पुलिस अब इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रही है।
