संसद के मानसून सत्र का 5वां दिन: लोकसभा में सुप्रीम कोर्ट में जजों की संख्या बढ़ाने और राज्यसभा में ‘राष्ट्र-गौरव अपमान निवारण’ बिल पर होगी चर्चा**

अखंड केसरी ब्यूरो :- संसद के मानसून सत्र के पांचवें दिन दोनों सदनों में महत्वपूर्ण विधायी कार्यों पर चर्चा की जाएगी। लोकसभा में कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ‘सुप्रीम कोर्ट (जजों की संख्या) संशोधन विधेयक, 2026’ को चर्चा और पारित करने के लिए सदन में पेश करेंगे। यह नया विधेयक पूर्व में लाए गए अध्यादेश का स्थान लेगा, जिसका मुख्य उद्देश्य उच्चतम न्यायालय में मुख्य न्यायाधीश (CJI) सहित न्यायाधीशों की कुल संख्या को 34 से बढ़ाकर 38 करना है।

दूसरी ओर, राज्यसभा में गृह मंत्री अमित शाह ‘राष्ट्र-गौरव अपमान निवारण (संशोधन) विधेयक, 2026’ को विचार-विमर्श के लिए प्रस्तुत करेंगे। यह विधेयक 1971 के मूल अधिनियम में संशोधन का प्रावधान करता है, जिसके तहत राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ का अपमान करने या इसके गायन में किसी भी प्रकार की बाधा डालने को अब एक दंडनीय अपराध बनाने का प्रस्ताव रखा गया है। गृह मंत्री इस महत्वपूर्ण बिल को पारित कराने का प्रस्ताव भी रखेंगे। इसके अतिरिक्त, आज दोनों सदनों में प्राइवेट मेंबर बिजनेस से जुड़े कार्य भी सूचीबद्ध किए गए हैं।

Share This Article
Leave a comment