अमृतसर के अजनाला इलाके में रावी नदी का पानी घुसा, धुस्सी बांध टूटने से कई गांवों में हालात गंभीर

Punjab beuro- अमृतसर ज़िले के अजनाला विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों में रावी नदी का पानी घुस जाने से लोगों में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार धुस्सी बांध में आई दरार के कारण रावी का बढ़ा हुआ जलस्तर गांवों में फैल गया, जिसके चलते ग्रामीणों को अपने घर-बार छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर जाना पड़ा। हालात की गंभीरता को देखते हुए अमृतसर की डिप्टी कमिश्नर साक्षी साहनी स्वयं मौके पर पहुंचीं और जिला प्रशासन व पुलिस के उच्च अधिकारियों के साथ स्थिति का जायज़ा लिया। वहीं, राहत और बचाव कार्य के लिए एनडीआरएफ की टीमें तैनात की गई हैं और एक अन्य टीम बठिंडा से भी रवाना हो चुकी है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बिना किसी देरी के सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं और अपनी जान जोखिम में न डालें। डिप्टी कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि फिलहाल प्राथमिकता लोगों की जान बचाना है, जिसके लिए पुलिस, बीएसएफ और प्रशासनिक टीमें लगातार कार्यरत हैं। सेना को भी अलर्ट पर रखा गया है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी और किसी को भी मुश्किल हालात का सामना अकेले नहीं करना पड़ेगा।

Share This Article
Leave a comment