लाल किला कार बम विस्फोट मामले में बड़ी सफलता: NIA ने मुख्य सहयोगी को किया गिरफ्तार

SHABD, नई दिल्ली, 18 नवंबर:- लाल किला क्षेत्र में हुए कार बम विस्फोट मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने एक और महत्वपूर्ण गिरफ्तारी की है। एजेंसी ने श्रीनगर में जसीर बिलाल वानी को गिरफ्तार किया है, जो इस हमले की साजिश रचने वाले आतंकियों का बेहद करीबी सहयोगी बताया जा रहा है। जांच के दौरान सामने आया कि जसीर न केवल हमले की योजना बनाने में शामिल था, बल्कि आतंकियों की मदद के लिए ड्रोन को मॉडिफाई करना, विस्फोटक सामग्री पहुँचाना और आतंकी कार्रवाइयों के लिए तकनीकी सहायता देना जैसे अहम काम भी करता था। वह उमर उन नबी और आमिर अली सहित अन्य साजिशकर्ताओं के संपर्क में रहकर हमले को अंजाम देने की तैयारी कर रहा था।

 

NIA की टीम ने जसीर की गतिविधियों का तकनीकी और मानव खुफिया के आधार पर गहन विश्लेषण किया, जिसके बाद उसकी गिरफ्तारी संभव हो सकी। एजेंसी का मानना है कि जसीर की गिरफ्तारी से इस आतंकी साजिश के कई और महत्वपूर्ण पहलुओं का खुलासा होगा। लाल किला कार बम विस्फोट के मुख्य साजिशकर्ता पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं, और अब इस महत्वपूर्ण गिरफ्तारी से जांच और भी मजबूत दिशा में आगे बढ़ेगी। NIA ने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रीय सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और आतंकी नेटवर्क के हर सदस्य को कानून के दायरे में लाया जाएगा।

Share This Article
Leave a comment