फायरिंग का पता चलते ही पुलिस पैलेस में पहुंची। पूरे पैलेस को घेरकर जांच की जा रही है। शादी समारोह में आए लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस को शक है कि सरपंच की रेकी की जा रही थी। वह तरनतारन जिले के वल्टोहा गांव के रहने वाले थे और मौजूदा सरपंच थे। पुलिस जांच के मुताबिक, उन पर 3 बार पहले भी हमला हो चुका है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फिलहाल हमले के कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।


गोली मारकर मौके से भाग गए हमलावर सरपंच जरमल सिंह AAP से जुड़े हुए थे। जब वह शादी में एंजॉय कर रहे थे तो अचानक से दो अनजान युवक आए और उनके सिर पर गोली मार दी। उसके बाद युवक मौके से भाग गए। सब कुछ इतनी जल्दी में हुआ कि किसी को कुछ समझ नहीं आया।
AAP नेता को घायल हालत में अस्पताल ले जाया गया। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, गोली उनके सिर में लगी थी, इसीलिए उनकी मौत हो गई l जरमल सिंह किसी जानकार की शादी में शामिल होने के लिए परिवार सहित आए थे।

चश्मदीद बोला- अज्ञात युवक आए, सिर में गोलियां मारीं
सरपंच की हत्या के चश्मदीद ने बताया कि अमृतसर में मैरीगोल्ड मैरिज पैलेस में शादी थी। 2 अज्ञात युवक आए। उन्होंने आते ही सरपंच के सिर में गोलियां मारीं। मरने वाले आम आदमी पार्टी के वल्होटा से सरपंच जरमल सिंह थे। उनके बीच क्या रंजिश थी, इसके बारे में मुझे पता नहीं। किसी धमकी का भी पता नहीं।
चश्मदीद ने कहा- वह दुल्हन की तरफ से शादी में शामिल होने आए थे। लड़की का भाई भी सरपंच है, इसलिए उन्हें शादी में बुलाया था। हमें 2 गोलियों की आवाज आई। उनकी मौत हो गई है।
