चेकपॉइंट में चेकिंग के दौरान कार से नशा पकड़ा
सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने सीमावर्ती इलाके में स्थित एक चेकपॉइंट पर स्विफ्ट कार में सवार पंजाब पुलिस के जवान करनबीर सिंह को 15 किलो हेरोइन के साथ रंगे हाथों दबोचा। करनबीर सिंह, जो गांव भूसा का निवासी है, पहले इसी सीमावर्ती थाने में मुंशी के पद पर कार्यरत था और वर्तमान में VVIP काफिले के साथ चलने वाली जैमर गाड़ी में तैनात था। BSF की सूचना पर सराय अमानत खान थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
वीवीआईपी ड्यूटी का फायदा उठाकर बेखौफ होकर तस्करी
यह मामला साफ तौर पर दिखाता है कि सीमा पार से होने वाली ड्रग्स की तस्करी में पुलिस महकमे के भीतर के लोग ही मददगार बने हुए हैं। VVIP ड्यूटी और बॉर्डर थाने के पुराने अनुभव का फायदा उठाकर पुलिसकर्मी बेखौफ होकर नशे का जाल फैला रहा था। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किसे डिलीवर किया जाना था। इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि पुलिस की मिलीभगत के बिना राज्य से नशे का खात्मा नामुमकिन है।

