नई दिल्ली– दिल्ली में सर्दी की सितम जारी है। शनिवार को ठंड ने एक बार फिर रिकॉर्ड तोड़ा, जब न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री पहुंच गया। यह बीते 15 साल में दस जनवरी की सबसे ठंडी सुबह रही। इससे पहले शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री रहा था। 2011 से अब तक दस जनवरी को इतना कम न्यूनतम तापमान नहीं रहा है। यही नहीं, 9 जनवरी 2025 में पारा 4.8 डिग्री दर्ज किया गया था।
कोहरे और धुंध से हुई सुबह की शुरुआत
शनिवार सुबह की शुरूआत कोहरे व धुंध के बीच हुई। इससे दृश्यता भी कम रही। दोपहर आते-आते सूर्यदेव ने दर्शन दिए, इससे लोगों को कुछ राहत मिली। इस दौरान अधिकतम तापमान सामान्य से 1.2 डिग्री कम के साथ 20.2 रहा। इसके अलावा, न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री दर्ज हुआ। यह सामान्य से 2.7 डिग्री कम रहा। दिल्ली में अधिकतम आर्द्रता 100 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 44 प्रतिशत रही।
पालम रहा सबसे ठंडा
मौसम विभाग के अनुसार, रिज में 5.3 और आया नगर में 4.5, लोधी रोड में 4.7 व पालम में 4.5 न्यूनतम पारा दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, पालम में सुबह 7:30 बजे विजिबिलिटी केवल 100 मीटर रह गई थी। 8 बजे यह और घटकर 50 मीटर हो गई, लेकिन 8:30 बजे सुधार शुरू हुआ और 100 मीटर तक पहुंच गई। 9 बजे भी यही स्थिति बनी रही। इस दौरान हवा मुख्य रूप से पश्चिमी दिशा से 5-7 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली। वहीं, सफदरजंग माप स्टेशन पर विजिबिलिटी सुबह 7:30 बजे 200 मीटर थी, जो 8 बजे बढ़कर 300 मीटर और 9 बजे 400 मीटर हो गई।
रविवार को कोहरे के साथ शीतलहर जैसी स्थिति
मौसम विभाग ने रविवार को दिल्ली में कुछ जगहों पर शीतलहर की स्थिति रहने और सुबह के समय कई जगहों पर मध्यम कोहरा जबकि कुछ जगहों पर घना कोहरा छाने का यलो अलर्ट जारी किया है। दिल्ली में दोपहर के वक्त 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से सर्द हवाएं चलने का अनुमान है। इसके साथ ही दिल्ली में रविवार को न्यूनतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा सकता है।
जारी रहेगी कड़ाके की ठंड
मौसम विभाग ने दिल्ली में 12 से लेकर 16 जनवरी के दौरान सुबह के वक्त हल्का से मध्यम कोहरा छाने का अनुमान जताया है। दिल्ली में 12 और 13 जनवरी को कड़ाके की ठंड पड़ने का अनुमान है। दोनों ही दिन दिल्ली में न्यूनतम तापमान 4 से 6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा सकता है। दिल्ली में 13 से लेकर 15 जनवरी तक 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से हवाएं चलने की संभावना है।
16 जनवरी तक का हाल
दिल्ली में 14 जनवरी को न्यूनतम तापमान 5 से 7 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है। इसके बाद 15 और 16 जनवरी को इसके 6 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किए जाने का अनुमान है। दिल्ली में 13 जनवरी से आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। दिल्ली में 16 जनवरी को भी हवा की गति कम होकर 5 से 10 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है।
