पश्चिम बंगाल चुनाव में टूटा रिकॉर्ड! पहले चरण में 91.58% मतदान, वोट डालने उमड़ी जनता की लंबी कतारें**

अखंड केसरी ब्यूरो :- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण में लोकतंत्र का शानदार उत्सव देखने को मिला, जहां मतदाताओं ने रिकॉर्ड तोड़ भागीदारी दिखाते हुए 91.58 प्रतिशत मतदान दर्ज कराया। यह अब तक का सबसे अधिक मतदान प्रतिशत माना जा रहा है, जिसने साल 2011 के 84.3 प्रतिशत मतदान का पुराना रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया। पहले चरण में राज्य की 152 विधानसभा सीटों पर वोटिंग कराई गई, जो 16 जिलों में फैली हुई थीं। सुबह से ही मतदान केंद्रों के बाहर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं और लोगों में वोट डालने को लेकर जबरदस्त उत्साह नजर आया। चुनाव आयोग द्वारा कुल 44,376 मतदान केंद्र बनाए गए थे, जिनमें 2,958 सहायक बूथ भी शामिल रहे, ताकि मतदान प्रक्रिया सुचारू रूप से चल सके। आयोग ने शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए थे और साफ कहा था कि बूथ कैप्चरिंग, गड़बड़ी या किसी भी तरह की हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जानकारी के अनुसार, 152 सीटों में से 84 सीटों पर 90 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ, जो जनता की लोकतंत्र के प्रति जागरूकता और उत्साह को दर्शाता है। अब दूसरे और अंतिम चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा, जिसमें कोलकाता और आसपास की 142 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। पहले चरण के रिकॉर्ड मतदान ने सभी राजनीतिक दलों की धड़कनें तेज कर दी हैं और अब सबकी नजरें अगले चरण पर टिकी हैं।

Share This Article
Leave a comment