स्वतंत्रता दिवस से पहले अलर्ट पर पंजाब पुलिस: गुरदासपुर में ‘ऑपरेशन प्रहार-4’ के तहत बस स्टैंड और रेलवे स्टेशनों पर चला व्यापक चेकिंग अभियान

शब्द (SHABD), जालंधर, 07 अगस्त: 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में पंजाब में सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा करते हुए जिला गुरदासपुर पुलिस पूरी तरह सतर्क मोड में आ गई है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जिले भर में विशेष चेकिंग और नाकेबंदी अभियान चलाया जा रहा है। सुरक्षा प्रबंधों को मजबूत करने के लिए पुलिस द्वारा सार्वजनिक स्थलों, बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर गहन तलाशी अभियान (CASO – Cordon and Search Operation) चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना सिटी पुलिस की टीम ने बाबा बंदा सिंह बहादुर इंटर स्टेट बस टर्मिनल पर एक विशेष सरच ऑपरेशन को अंजाम दिया।

यह कार्रवाई डीएसपी शाहबाज सिंह और थाना सिटी प्रमुख दविंदर प्रकाश की अगुवाई में पुलिस टीमों द्वारा संचालित की गई। अभियान के दौरान पुलिस बल ने बस स्टैंड के कोने-कोने को खंगाला और यात्रियों के संदिग्ध सामान की बारीक जांच की। डीएसपी शाहबाज सिंह ने बताया कि असामाजिक और आपराधिक तत्वों पर शिकंजा कसने के लिए राज्य भर में चलाई जा रही मुहिम ‘ऑपरेशन प्रहार-4’ के तहत जिले में दो दिवसीय विशेष चेकिंग ड्राइव शुरू की गई है। पुलिस अधिकारियों ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि कोई भी संदिग्ध व्यक्ति या लावारिस वस्तु दिखाई दे, तो तुरंत पुलिस को सूचित कर सहयोग करें।

Share This Article
Leave a comment