जालंधर– पंजाब के पूर्व कैबिनेट मंत्री भगत चुन्नी लाल की रस्म किरया एवं श्रद्धांजलि सभा में रविवार को विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने पहुंचकर उन्हें नमन किया। इस दौरान आम आदमी पार्टी के पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया और मुख्यमंत्री भगवंत मान की पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर विशेष रूप से श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचे।
दोनों नेताओं ने दिवंगत नेता के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किए और शोक संतप्त परिवार से मिलकर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। पंजाब की राजनीति में एक कद्दावर और सम्मानित चेहरे के रूप में पहचाने जाने वाले पूर्व कैबिनेट मंत्री भगत चुन्नी लाल का हाल ही में निधन हो गया था।
रविवार को आयोजित उनकी रस्म किरया और श्रद्धांजलि सभा में पंजाब भर से राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि उन्हें नमन करने को एकत्र हुए।

जालंधर में पूर्व मंत्री चुन्नी लाल की श्रद्धांजलि सभा के बाद पत्रकारों से बातचीत करते मनीष सिसोदिया और अमन अरोड़ा।

श्रद्धांजलि सभा के दौरान पहुंचे आप नेता
‘आप’ के पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया, कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा और डॉ. गुरप्रीत कौर ने भगत चुन्नी लाल के परिजनों के साथ दुख साझा किया। उन्होंने परिवार को सांत्वना देते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में सरकार उनके साथ है। सिसोदिया ने कहा कि भगत चुन्नी लाल जी के निधन की भरपाई कभी नहीं की जा सकती।
परिवार के जनकल्याणकारी कार्यों की सराहना की
दोनों नेताओं ने भगत चुन्नी लाल के लंबे और बेदाग राजनीतिक जीवन को याद करते हुए उनके द्वारा किए गए जनकल्याणकारी कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि भगत चुन्नी लाल ने अपने कैबिनेट मंत्री काल के दौरान पंजाब के विकास और जनता की भलाई के लिए बड़े पैमाने पर काम किए थे।
