AAP ने बदले पंजाब के 2 विधानसभा हलकों के इंचार्ज: समाना में अकाली दल छोड़ AAP में आए रखड़ा को जिम्मेदारी, शाहकोट में पाला जलालपुर

AAP ने पंजाब में 2 विधानसभा क्षेत्रों के प्रभारी बदले।

आम आदमी पार्टी ने पंजाब में अपने सांगठनिक ढांचे को और अधिक मजबूत और सक्रिय बनाने के उद्देश्य से 2 प्रमुख विधानसभा क्षेत्रों के लिए नए क्षेत्रीय प्रभारियों की नियुक्ति की घोषणा की है। 17 सितंबर को पार्टी ने समाना विधानसभा क्षेत्र का जिम्मा सुरजीत सिंह रखड़ा को और शाहकोट विधानसभा क्षेत्र की कमान बलबीर सिंह (पाला जलालपुर) को सौंपी है।

यह फैसला राज्य में संगठन की जमीनी पकड़ को और धार देने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया और प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा की ओर से यह घोषणा की गई है।

बड़ी बात यह है कि समाना में अकाली दल छोड़कर शामिल हुए सुरजीत सिंह रखड़ा को हलका इंचार्ज लगाया गया है। 2022 में यहां से AAP के नेता चेतन सिंह जौड़ामाजरा ने चुनाव जीता था, जो सरकार में मंत्री भी रहे। इसके अलावा जालंधर की शाहकोट सीट से बलबीर सिंह पाला जलालपुर को हलका इंचार्ज लगाया है। यहां से अभी कांग्रेस के लाडी शेरोवालिया विधायक हैं।

AAP सिटिंग विधायकों के इलाके में हलका इंचार्ज लगा चुकी

इससे पहले भी AAP सिटिंग विधायकों के इलाके में हलका इंचार्ज लगा चुकी है। MLA अनमोल गगन मान की सीट खरड़ से परमिंदर सिंह गोल्डी, MLA चरनजीत सिंह की चमकौर साहिब सीट से जसवीर सिंह गढ़ी, MLA लालजीत भुल्लर वाली पट्‌टी सीट से जसकंवर सिंह जस्सा गिल, MLA अमित रतन कोटफत्ता की बठिंडा देहाती सीट से गोपाल सिंह, MLA कुंवर विजय प्रताप सिंह की सीट अमृतसर नॉर्थ से कर्मजीत रिंटू और MLA रमन अरोड़ा की जालंधर सेंट्रल सीट से नितिन कोहली को हलका इंचार्ज लगाया गया है।

Share This Article
Leave a comment