जालंधर:- जिला योजना बोर्ड, जालंधर के चेयरमैन और आम आदमी पार्टी जालंधर शहरी के जिला अध्यक्ष अमृतपाल सिंह ने पंजाब सरकार द्वारा राज्य के करीब 8 लाख सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को महंगाई भत्ते (डीए) में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी देने के फैसले का जोरदार स्वागत किया है। उन्होंने इसे पूरी तरह कर्मचारी और पेंशनर हितैषी कदम करार देते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का तहे दिल से धन्यवाद व्यक्त किया। अमृतपाल सिंह ने कहा कि मौजूदा दौर में जब महंगाई आम जनता पर भारी पड़ रही है, ऐसे समय में 3% डीए की यह वृद्धि लाखों कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए बहुत बड़ी आर्थिक राहत साबित होगी। इससे न केवल उनकी मासिक आय में इजाफा होगा, बल्कि उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी। इस बढ़ोतरी के गणित को समझाते हुए उन्होंने बताया कि ₹40,000 मूल वेतन पाने वाले कर्मचारी को अब हर महीने ₹1,200 अतिरिक्त मिलेंगे, और इस ताजा फैसले के बाद कुल महंगाई भत्ता बढ़कर 53% हो जाएगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह कदम साबित करता है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार अपने कर्मचारियों की मेहनत और योगदान का पूरा सम्मान करती है और उनकी भलाई सरकार की प्राथमिकताओं में सबसे ऊपर है। यह फैसला लाखों परिवारों के चेहरों पर मुस्कान लाने वाला है, और उन्हें पूरा विश्वास है कि मान सरकार भविष्य में भी इसी तरह जन कल्याण और कर्मचारी हित के बड़े फैसले लेती रहेगी।

