कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने गांव संधरा में किया लाखों के विकास कार्यों का उद्घाटन, बोले— “गुणवत्ता से नहीं होगा कोई समझौता”

- Advertisement -
Punjab Government

होशियारपुर / शामचुरासी (रमेश बदन ) (4 नवंबर): मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने के संकल्प के तहत शामचुरासी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आते गांव संधरा में विकास कार्यों की नई शुरुआत की गई। पंजाब के जेल, संसदीय मामले और एनआरआई मामलों के कैबिनेट मंत्री व स्थानीय विधायक डॉ. रवजोत सिंह ने बुधवार को गांव संधरा में आयोजित एक भव्य समारोह के दौरान लाखों रुपये की लागत से मुकम्मल होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर ग्रामीणों के विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री ने स्पष्ट किया कि मान सरकार गांवों के सर्वांगीण उत्थान और बुनियादी ढांचे के कायाकल्प के लिए पूरी गंभीरता से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि शामचुरासी हलके के प्रत्येक गांव में आधुनिक सड़कें, पक्की गलियां, नालियों का उचित निकास, स्वच्छ पेयजल आपूर्ति, सीवरेज व्यवस्था और सरकारी स्कूलों के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।

डॉ. रवजोत सिंह ने सख्त लहजे में कहा कि किसी भी विकास परियोजना में निर्माण सामग्री की गुणवत्ता के साथ रत्ती भर भी समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके लिए संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को तय मानकों का कड़ाई से पालन करने और सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के कड़े निर्देश जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने ग्रामीणों को विश्वास दिलाया कि हलके में चल रही सभी विकास योजनाएं पारदर्शी तरीके से पूरी होंगी। समारोह के दौरान गांववासियों ने कैबिनेट मंत्री के समक्ष गांव से जुड़े अन्य जरूरी मसलों व अधूरी मांगों को लेकर एक मांग पत्र सौंपा, जिस पर डॉ. रवजोत सिंह ने सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए इनके त्वरित समाधान का पक्का भरोसा दिया।

कार्यक्रम के दौरान सरपंच जसविंदर लाल, सरपंच ब्लॉक अध्यक्ष रणजीत सिंह, एसडीओ सुरिंदर सिंह (शामचुरासी), पंच चमन सिंह, पंच किरणदीप सिंह, हरनेक सिंह, गुरमीत कौर, सुधीर कुमार, हैरी, केवल सिंह, गुरदयाल, महिंदर सिंह, पंच परमजीत कौर, पंच कश्मीर कौर, पंच विंदरजीत कौर सहित समस्त पंचायत सदस्यों व ब्लॉक समिति प्रतिनिधियों ने कैबिनेट मंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया और गांव को विकास कार्यों की सौगात देने के लिए उनका आभार जताया। इस मौके पर विभिन्न संबंधित विभागों के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, आम आदमी पार्टी के प्रमुख कार्यकर्ता तथा इलाके के कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a comment