अखंड केसरी ब्यूरो :- पंजाब की धरती पर पहली बार आयोजित हो रहे अंतरराष्ट्रीय हॉकी टूर्नामेंट ‘एशियन चैंपियंस ट्रॉफी’ का लीग चरण जालंधर के ओलंपियन सुरजीत हॉकी स्टेडियम में अपने अंतिम पड़ाव में पहुंच चुका है, जहां मेजबान भारत और मलेशिया ने अपने शुरुआती तीनों मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है। मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के विशेष प्रयासों से पंजाब में संभव हुए इस ऐतिहासिक आयोजन में अब तक खेले गए कुल नौ मैचों में से कोई भी मुकाबला ड्रॉ नहीं रहा और प्रति मैच छह गोल के औसत से कुल 54 गोल दागे जा चुके हैं। बेहतर गोल औसत के आधार पर भारतीय टीम अंक तालिका में शीर्ष पर है, जिसने सर्वाधिक 22 गोल किए हैं और कप्तान हरमनप्रीत सिंह पांच पेनल्टी कॉर्नर गोल के साथ शीर्ष स्कोरर बने हुए हैं। 1 और 2 नवंबर को जालंधर में बाकी छह लीग मुकाबले खेले जाएंगे, जिसके बाद शीर्ष चार टीमों के बीच खिताबी नॉकआउट मुकाबले 4 और 5 नवंबर को मोहाली के ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर स्टेडियम में आयोजित होंगे।

