जिला रोजगार ब्यूरो द्वारा भर्ती रैली संबंधी हर संभव सहायता का आश्वासन
जालंधर- डिप्टी डायरेक्टर, जिला ब्यूरो ऑफ रोजगार उत्पत्ति, कौशल विकास एवं प्रशिक्षण नीलम महे ने जानकारी देते हुए बताया कि अग्निवीर भर्ती रैली-2026 संबंधी जालंधर कैंट से आर्मी रिक्रूटिंग अफसर कर्नल रश्मि नारायण, जिन्होंने हाल ही में जालंधर में चार्ज संभाला है और जो इंडियन आर्मी में महिला अफसरों के उस पहले बैच में से हैं जिन्हें आर्मी में स्थायी कमीशन प्राप्त हुआ है, के साथ एक विशेष बैठक की गई। आर्मी रिक्रूटिंग अफसर कर्नल रश्मि नारायण आर्मी में अब तक अपना 22 सालों सफर तय कर चुकी हैं।
डिप्टी डायरेक्टर नीलम महे ने बताया कि इस साल अग्निवीर भर्ती रैली माह नवंबर-2026 के दौरान सरकारी आर्ट्स एंड स्पोर्ट्स कॉलेज, जालंधर में होगी, जिसके बारे में जिला प्रशासन और कॉलेज के प्रिंसिपल को विधिवत सूचित किया जा चुका है। आर्मी रिक्रूटिंग अधिकारी द्वारा इस रैली के आयोजन के लिए किए जाने वाले विभिन्न प्रबंधों हेतु जिला रोजगार एवं कारोबार ब्यूरो से आवश्यक सहयोग की मांग की गई और रोजगार ब्यूरो द्वारा आर्मी अधिकारियों को हर संभव सहायता मुहैया करवाने का आश्वासन दिया गया। इस मौके पर कर्नल विप्लव भी मौजूद थे, जिन्होंने पिछली रैलियों के दौरान जिला रोजगार ब्यूरो की टीम द्वारा किए गए सहयोग के लिए विशेष धन्यवाद किया।

