अंकित पहली बार प्रधान बनेंगे। पिछली बार ABVP से गौरववीर सोहल प्रधान थे। इस चुनाव में वहीं AAP का स्टूडेंट विंग दूसरे और कांग्रेस की NSUI तीसरे नंबर पर रही है। अभी हार-जीत के मार्जिन व फाइनल वोटों का आंकड़ा आना बाकी है। इधर, PU के 8 कॉलेजों में से अभी 4 कॉलेज के नतीजे घोषित हुए हैं।
इसमें सेक्टर-10 स्थित डीएवी कॉलेज में HSA के दीपांशु प्रधान चुने गए। पीजी गवर्नमेंट कॉलेज फॉर गर्ल्स सेक्टर-42 में वनिका चौधरी प्रधान चुनी गई हैं। जबकि गोस्वामी गणेश दत्त सनातन धर्म (GGDSD) कॉलेज में SDCU, NSUI और HIMSU गठबंधन के अभिराज सिंह ने प्रधान पद का चुनाव जीता। सेक्टर-26 स्थित खालसा कॉलेज में CSF के नवजोत सिंह प्रधान बने।


वोटिंग के वक्त पुलिस-छात्रों में झड़प हुई
छात्र संघ चुनावों के लिए सुबह साढ़े 9 बजे से 12 बजे तक वोटिंग हुई। इस दौरान PU के लॉ डिपार्टमेंट के बाहर छात्रों ने हंगामा कर दिया। कई स्टूडेंट दरवाजे को लात मारकर अंदर घुस गए। इस दौरान पुलिस और छात्रों में झड़प हो गई। पुलिस और छात्रों के बीच धक्का-मुक्की हुई। पुलिस कर्मचारी एक छात्र को टांग से खींचता दिखा। इसके बाद पुलिस नारेबाजी करने वाले छात्रों को उठाकर ले गई।
छात्रों का आरोप था कि वोटिंग का समय सुबह 11 बजे तक था, लेकिन लॉ डिपार्टमेंट का गेट सुबह करीब 10 बजे ही बंद कर दिया गया। इससे कई छात्र वोट नहीं डाल सके। हंगामे के बीच पुलिस लॉ डिपार्टमेंट से मतपेटी लेकर जाने लगी। हालांकि, छात्रों ने पुलिस को मतपेटी ले जाने नहीं दिया। इसके बाद छात्र धरने पर बैठ गए। इस दौरान पुलिस अधिकारी स्टूडेंट्स को समझाते दिखे।



