पंजाब ब्यूरो :- श्री अकाल तख्त साहिब में पांच सिंह साहिबानों की हुई अहम बैठक के दौरान सिख पंथ की मर्यादा और संस्थाओं के सम्मान को बनाए रखने के लिए कड़े और बड़े फैसले लिए गए हैं। गंभीर आरोपों के चलते अमरजीत सिंह और मलकीत सिंह को सिख पंथ से खारिज (निष्कासित) कर दिया गया है तथा उनके सिख संस्थानों में किसी भी प्रकार का पद संभालने पर आजीवन प्रतिबंध लगा दिया गया है। जत्थेदार साहिब ने स्पष्ट किया है कि जब तक ये दोनों व्यक्ति इन आरोपों से पूरी तरह बरी नहीं हो जाते, तब तक इन्हें किसी भी तरह की राहत नहीं मिलेगी। इसके अलावा, मर्यादा के उल्लंघन के मामले में दिल्ली और ठाणे की गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों को भी कड़ी चेतावनी देते हुए भविष्य में ऐसी गलतियों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। सिंह साहिबानों ने दोहराया है कि सिख मर्यादा और पंथक परंपराओं के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
