चंडीगढ़– चंडीगढ़ के सेक्टर-22 में हेड कॉन्स्टेबल की उन्हीं के बेटे ने सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। गोली चलने की आवाज सुनकर पड़ोसियों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो हेड कॉन्स्टेबल घायल हालत में बेड पर लेटे मिले। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मौके से देसी कट्टा बरामद किया है। हेड कॉन्स्टेबल की पहचान नितिन के रूप में हुई है। शुरुआती पूछताछ में नितिन के बेटे अरमान ने किसी दूसरे व्यक्ति पर गोली मारने का आरोप लगाया, लेकिन पुलिस को उसके बयान पर संदेह हुआ। इसके साथ हत्या के दौरान उसने शोर भी नहीं मचाया।
पुलिस ने दोबारा पूछताछ की तो उसके बयान पहले से अलग मिले। इसके बाद सख्ती सी पूछने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
नितिन की पत्नी मोनिका भी चंडीगढ़ पुलिस में तैनात है। वारदात के दौरान बेटा और वह घर पर मौजूद थे। नितिन और मोनिका का सिर्फ एक ही बेटा है। फिलहाल वह बेरोजगार था।

बेड पर पड़ा हेड कॉन्स्टेबल नितिन का शव और पुलिस को गिरफ्तार कर ले जाती पुलिस।

गोली की आवाज सुन पड़ोसियों ने पुलिस बुलाई
घटना शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे की है। हेड कॉन्स्टेबल नितिन (42) अकाउंट ब्रांच पुलिस हेडक्वार्टर सेक्टर 9 में तैनात था। पड़ोसियों के मुताबिक, नितिन के घर से पहले काफी शोर-शराबे की आवाजें आ रही थीं। कुछ देर बाद अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। इसके बाद पड़ोसियों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। सेक्टर-17 थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घर को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
बेटे ने कहा- कोई बाहर से आया और पापा को गोली मार दी
घटना के बाद पुलिस ने नितिन के बेटे (18) से पूछताछ की। शुरुआती बयान में बेटे ने पुलिस को बताया कि किसी दूसरे व्यक्ति ने उसके पिता को गोली मारी और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने जब उससे दोबारा पूछताछ की तो उसके बयान में विरोधाभास सामने आए। पुलिस को बेटे के बयान पर संदेह होने के बाद उससे लगातार पूछताछ की गई। इसके बाद उसने सच उगल दिया।

पड़ोसी बोले- कुछ दिनों से घर में चल रहा था विवाद
नितिन के पड़ोसी ने पुलिस को बताया कि पिछले कुछ दिनों से घर में विवाद चल रहा था। शुक्रवार सुबह भी घर से झगड़े और शोर की आवाजें सुनाई दे रही थीं। इसके कुछ देर बाद गोली चलने की आवाज आई। पुलिस अब पड़ोसियों और परिवार के अन्य सदस्यों से भी पूछताछ कर रही है।
बेटे ने थार से 2 लोगों को कुचला था
पुलिस के अनुसार, नितिन के बेटे अरमान का मनीमाजरा में हाउसिंग बोर्ड लाइट पर थार गाड़ी से 2 लोगों को कुचलने का मामला भी सामने आया था। 25 फरवरी की सुबह 4 बजे तेज रफ्तार थार ने बाइक पर जा रहे दो लोगों को रौंद दिया था। थार को अरमान चला रहा था।
घटना के बाद दोनों घायलों को सेक्टर 16 अस्पताल ले जाया गया था, जहां से फिर पीजीआई भेजा गया। यहां पर दोनों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान अब्दुल सुभान (40) और गुलशेर (45) के रूप में हुई है। दोनों यूपी के सहारनपुर के रहने वाले थे। दोनों चंडीगढ़ में मदरसे में पढ़ाते थे। इसी मामले में वह जेल गया था और फिलहाल जमानत पर था।

SSP कंवरदीप कौर ने घटनास्थल का निरीक्षण किया
घटना की सूचना के बाद सेक्टर-17 थाना पुलिस के साथ वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। SSP कंवरदीप कौर ने बताया कि पुलिस ने इलाके को घेरकर मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। एक देसी कट्टा मिला है, जिसकी जांच की जा रही है। पुलिस फिलहाल बेटे से पूछताछ और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।
