अखंड केसरी ब्यूरो :- राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था और संभावित सियासी मार्च के मद्देनजर आज मेट्रो से सफर करने वाले दैनिक यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन यानी DMRC ने सुरक्षा एजेंसियों के निर्देशों के बाद लुटियंस दिल्ली और आसपास के छह प्रमुख मेट्रो स्टेशनों पर शाम चार बजे तक प्रवेश और निकास पूरी तरह अस्थाई रूप से बंद रखने का फैसला लिया है। प्रभावित होने वाले स्टेशनों में राजीव चौक, पटेल चौक, जनपथ, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय और बाराखंभा रोड शामिल हैं। राहत की बात यह है कि इन स्टेशनों पर यात्रियों के लिए केवल इंटरचेंज की सुविधा सुचारू रूप से चालू रहेगी, जिससे लाइन बदलने वाले यात्रियों को ज्यादा असुविधा न हो।
मेट्रो पाबंदियों के साथ-साथ दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने भी मध्य दिल्ली और आसपास के इलाकों में संभावित रूट डायवर्जन को लेकर विशेष एडवाइजरी जारी की है। सड़कों पर भारी सुरक्षा बल तैनात किया गया है और कई मुख्य मार्गों पर बैरिकेडिंग के कारण जाम की स्थिति बन सकती है। प्रशासन ने व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक बंदोबस्त किए हैं, वहीं यात्रियों और वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि वे अपने गंतव्य के लिए निकलने से पहले मेट्रो और दिल्ली पुलिस की ताजा ट्रैफिक अपडेट जरूर देख लें ताकि किसी भी तरह की परेशानी से बचा जा सके।

