त्योहारी सीजन में पटाखा बाजार सजाने के लिए शहर भर के कारोबारियों में भारी उत्साह देखा गया। अस्थायी दुकानें लगाने के लिए कुल 410 व्यापारियों ने आवेदन जमा कराए थे। एडीसी अमनिंदर कौर की मौजूदगी में पारदर्शिता के साथ ड्रा की प्रक्रिया पूरी की गई। 20 कारोबारियों के नाम की घोषणा के बाद प्रशासन ने तुरंत उनके लाइसेंस जारी कर दिए।


सुरक्षा नियमों का पालन करना अनिवार्य
प्रशासन ने पटाखा व्यापारियों को सुरक्षा मानकों और निर्धारित नियमों का सख्ती से पालन करने के आदेश दिए हैं। हादसों से बचाव के लिए हर दुकान के बाहर रेत से भरी बाल्टियां, पानी की टंकियां और अग्निशमन यंत्र रखना जरूरी किया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कोर्ट में मामला जाने से खराब हुए 6 दिन
दूसरी ओर, पटाखा मार्केट के प्रधान विकास भंडारी ने बताया कि तैयारियों में थोड़ी देरी हुई है। गांव के सरपंच द्वारा अदालत में याचिका दायर किए जाने की वजह से करीब 6 दिन का समय खराब हो गया था।
पटाखा एसोसिएशन ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि हर बार बाजार लगाने के लिए सही जगह ढूंढने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। पिछली बार जगह कम होने से पार्किंग की भारी किल्लत हुई थी। व्यापारियों ने नुकसान की भरपाई न हो पाने की चिंता भी जताई। इस बार बेहतर व्यवस्था के लिए 13 एकड़ की बड़ी जगह पर पटाखा मार्केट सजाई जा रही है।

