सूर्य एन्क्लेव से शराब व नकदी से भरी गाड़ी ले जाने का आरोप, बीएमसी चौक के पास पूछताछ करने पर ठेकेदार पर कथित हमला

- Advertisement -

जालंधर। शहर में शराब ठेकेदारों के बीच विवाद का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बीती रात सूर्य एन्क्लेव इलाके में एक शराब ठेकेदार पर कथित तौर पर हमला करने और उनके सर्किल से शराब व बिक्री की नकदी से भरी गाड़ी जबरन ले जाने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित ठेकेदार पक्ष के अनुसार, रात के समय जब गाड़ी में दिन भर की बिक्री की नकदी और शराब का स्टॉक रखा हुआ था, तभी दूसरे सर्किल के ठेकेदार से जुड़े बताए जा रहे ‘तोता’ नामक व्यक्ति ने गाड़ी को अपने कब्जे में ले लिया और उसे ले जाकर स्पेशल सेल में खड़ा कर दिया।


घटना की जानकारी मिलने के बाद जब ठेकेदार पक्ष ने जीपीएस के जरिए गाड़ी की लोकेशन ट्रैक की, तो वह स्पेशल सेल की पाई गई। इसके बाद ठेकेदार खुद अपनी गाड़ी की तलाश में वहां जा रहे थे, तभी रास्ते में बीएमसी चौक के पास उनका सामना आरोपी ‘तोता’ से हो गया। आरोप है कि जैसे ही ठेकेदार ने अपनी गाड़ी से उतरकर उससे अपनी गाड़ी के बारे में पूछा, तो आरोपी ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी और उन पर हमला कर दिया।

इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। फिलहाल पीड़ित पक्ष ने पूरे मामले की शिकायत पुलिस को दे दी है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और गाड़ी तथा उसमें रखी नकदी की बरामदगी को लेकर पुलिस की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।

Share This Article
Leave a comment