जालंधर, 26 नवंबर: संविधान दिवस के अवसर पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला कानूनी सेवा प्राधिकरण जालंधर श्रीमती प्रिया सूद के नेतृत्व में सी.टी. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के सहयोग से ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के तहत एक व्यापक जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यौन अपराधों से बच्चों की सुरक्षा (पॉक्सो) अधिनियम पर केंद्रित इस कार्यक्रम में विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के 500 से अधिक अध्यापकों ने हिस्सा लिया। अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश (विशेष न्यायालय पॉक्सो) श्रीमती अर्चना कंबोज, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट-सह-सचिव श्री राहुल कुमार और किशोर न्याय बोर्ड के प्रिंसिपल मजिस्ट्रेट श्री पारसमीत ऋषि की अध्यक्षता में हुए इस सत्र में न्यायिक अधिकारियों ने बाल दुर्व्यवहार की पहचान करने, उसे रोकने और समय पर रिपोर्ट करने में प्रथम प्रतिक्रियाकर्ता के रूप में अध्यापकों की अहम भूमिका पर जोर दिया। प्रशिक्षण सत्रों के दौरान जिला बाल सुरक्षा अधिकारी श्री अजय भारती और पैनल अधिवक्ता श्रीमती हरलीन कौर, श्रीमती आभा नागर व श्रीमती रेखा रानी ने पॉक्सो अधिनियम के कानूनी प्रावधानों और पीड़ित मुआवजा योजना की विस्तृत जानकारी दी। वहीं, साइबर क्राइम सेल के इंस्पेक्टर श्री हरबीर सिंह और आई.टी. अधिकारी श्रीमती रुबिंदरजीत ने विद्यार्थियों को प्रभावित करने वाले साइबर अपराधों व ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के उपायों पर प्रकाश डाला। इसके अलावा उप जिला शिक्षा अधिकारी राजीव जोशी, कैरियर गाइडेंस काउंसलर नरिंदर कुमार तथा ग्रामीण पुलिस की इंस्पेक्टर श्रीमती अमनदीप कौर व श्रीमती सीमा ने विद्यार्थी परामर्श और पुलिस-प्रशासन के साथ तालमेल को लेकर व्यावहारिक मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम के अंत में जिला कानूनी सेवा प्राधिकरण ने आयोजन में सहयोग के लिए सी.टी. ग्रुप के उपाध्यक्ष श्री हरप्रीत सिंह व प्रबंधन समिति का आभार जताया, जिसके बाद प्रश्नोत्तर सत्र के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।


