43वां सुरजीत हॉकी टूर्नामेंट: इंडियन ऑयल मुंबई, सीएजी दिल्ली, आरसीएफ कपूरथला और पंजाब पुलिस सेमीफाइनल में पहुंचे

- Advertisement -

जालंधर, नवंबर: यहां चल रहे 43वें इंडियन ऑयल सर्वो सुरजीत हॉकी टूर्नामेंट के रोमांचक क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए इंडियन ऑयल मुंबई, सीएजी दिल्ली, रेल कोच फैक्ट्री (आरसीएफ) कपूरथला और पंजाब पुलिस जालंधर ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। पहले क्वार्टर फाइनल में इंडियन ऑयल मुंबई ने नवराज सिंह (9वें मिनट) और एस.के. उथप्पा (29वें मिनट) के गोलों की बदौलत पंजाब नेशनल बैंक दिल्ली को 2-1 से मात दी, जबकि पीएनबी के लिए एकमात्र गोल गुरसिमरन सिंह ने 44वें मिनट में किया। दूसरे मुकाबले में सीएजी दिल्ली और भारतीय वायु सेना की टीमें निर्धारित समय तक 1-1 की बराबरी पर रहीं, जहां वायु सेना के प्रदीप (16वें मिनट) के जवाब में सीएजी के गणेश माझी (42वें मिनट) ने गोल दागा, जिसके बाद सीएजी ने पेनल्टी शूटआउट में 3-2 से बाजी मारी। तीसरे क्वार्टर फाइनल में आरसीएफ कपूरथला ने सिमरनजोत सिंह (16वें मिनट), योगंबर रावत (21वें मिनट) और सुदर्शन सिंह (44वें मिनट) के गोलों से भारत पेट्रोलियम को 3-0 से एकतरफा शिकस्त दी। वहीं, दिन के चौथे और अंतिम क्वार्टर फाइनल में कप्तान हरमनप्रीत सिंह (12वें व 48वें मिनट), दिलप्रीत सिंह (24वें मिनट) और धर्मवीर सिंह (54वें मिनट) के शानदार खेल की बदौलत पंजाब पुलिस ने पंजाब एंड सिंध बैंक को 4-2 से हराया, बैंक की ओर से अरुणप्रीत सिंह (47वें मिनट) और बिक्रमजीत सिंह (58वें मिनट) ने गोल किए। मैचों के दौरान प्रदीप कुमार, ओलंपियन बलविंदर शम्मी, वरिंदरपाल सिंह, लखविंदर पाल सिंह खैरा और उपिंदरजीत सिंह घुम्मन ने मुख्य अतिथि के रूप में टीमों से परिचय किया। अब 27 नवंबर को खेले जाने वाले सेमीफाइनल मुकाबलों में शाम 4:00 बजे इंडियन ऑयल मुंबई का सामना सीएजी दिल्ली से होगा, जबकि शाम 6:00 बजे आरसीएफ कपूरथला और पंजाब पुलिस जालंधर की टीमें आमने-सामने होंगी।

Share This Article
Leave a comment