जनगणना-2027: डिजिटल जागरूकता वैन पहुंची जालंधर के गांवों में, 30 नवंबर तक ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध

- Advertisement -

जालंधर, नवंबर: डायरेक्टोरेट ऑफ सेंसस ऑपरेशंस, पंजाब के निर्देशों के तहत जिले में जनगणना-2027 के प्रति आम जनता को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत जनगणना जागरूकता डिजिटल वैन के माध्यम से जिले के विभिन्न गांवों और इलाकों में पहुंचकर लोगों को जनगणना के महत्व एवं इसकी कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी जा रही है। इसी कड़ी में आज डिजिटल जागरूकता वैन ने सब-डिवीजन जालंधर-2 के गांव लांबड़ा, लल्लियां खुर्द, लल्लियां कलां और चिट्टी का दौरा किया, जहां ग्रामीणों को जनगणना प्रक्रिया से अवगत कराया गया। इस दौरान लोगों को जानकारी दी गई कि जनगणना-2027 के तहत स्व-गणना (सेल्फ इन्यूमरेशन) की सुविधा 30 नवंबर 2026 तक उपलब्ध है, जिसके माध्यम से नागरिक घर बैठे आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर अपने परिवार का आवश्यक विवरण ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रत्येक परिवार को एक विशिष्ट स्व-गणना पहचान संख्या (एस.ई. आई.डी.) जारी होगी, जिसे बाद में घर-घर सर्वेक्षण के लिए आने वाले आधिकारिक गणना कर्मचारी के साथ साझा करना अनिवार्य होगा। इसके अतिरिक्त, जागरूकता अभियान को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से शैक्षणिक संस्थानों में भी विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिसके तहत सी.टी. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, मकसूदां में लगाए गए कैंप में विद्यार्थियों को स्व-गणना की प्रक्रिया समझाते हुए अपने परिजनों व रिश्तेदारों को भी इस राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया।

Share This Article
Leave a comment