पंजाब ब्यूरो :-दिल्ली शराब घोटाला मामले में दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को आखिरकार लंबी कानूनी प्रक्रिया के बाद जमानत मिल गई है, जिससे आम आदमी पार्टी (AAP) के नेताओं में उत्साह का माहौल है। इस जमानत को पार्टी के नेताओं ने सत्य की जीत के रूप में देखा है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस संदर्भ में अपने ‘एक्स’ अकाउंट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “सत्य की जीत है मनीष सिसोदिया जी की जमानत।” उन्होंने सर्वोच्च न्यायालय का धन्यवाद भी किया, जिन्होंने मनीष सिसोदिया को लगभग 17 महीनों के बाद जमानत प्रदान की।
पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने भी सिसोदिया की जमानत को लेकर सुप्रीम कोर्ट का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मनीष सिसोदिया एक लंबे समय से झूठे और फर्जी मामले में फंसे हुए थे और अब जाकर उन्हें न्याय मिला है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी विपक्षी नेताओं के खिलाफ झूठे मामले दर्ज करवा रही है और जानबूझकर जांच प्रक्रिया को लंबा खींच रही है।
मनीष सिसोदिया को देश में उनके शिक्षा सुधारों के लिए जाना जाता है। उन्होंने दिल्ली के बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए, जैसे कि स्कूल ऑफ एमिनेंस का कॉन्सेप्ट लाना, अध्यापकों को विदेशों में ट्रेनिंग के लिए भेजना और सरकारी स्कूलों को बेहतर बनाना। सिसोदिया के नेतृत्व में दिल्ली में शिक्षा के क्षेत्र में किए गए सुधारों के कारण आज कई बच्चे अच्छे पदों पर कार्यरत हैं। उनकी जमानत को न केवल AAP बल्कि उनके समर्थकों ने भी एक बड़ी जीत के रूप में देखा है, जो इस संघर्ष को न्याय की जीत के रूप में मानते हैं।
