जालंधर- जालंधर में सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फायरिंग करने का एक वीडियो तेजी से वायरल होने के बाद कमिश्नरेट पुलिस ने त्वरित और सख्त कार्रवाई की है। इस मामले की जानकारी देते हुए एडीसीपी-2 जालंधर, श्रीमती माधवी शर्मा (पीपीएस) ने बताया कि कल थाना डिवीजन नंबर-5 के संज्ञान में यह मामला आया था, जिसके बाद पुलिस ने बिना किसी देरी के तुरंत एक्शन लिया।
पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए थाना डिवीजन नंबर-5 में संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है और वीडियो में नजर आ रहे दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया है। एडीसीपी ने यह भी स्पष्ट किया कि घटना में इस्तेमाल किए गए दोनों हथियार लाइसेंसशुदा हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जो भी व्यक्ति हथियारों का दुरुपयोग करेगा या कानून का उल्लंघन कर सार्वजनिक रूप से उनका प्रदर्शन करेगा, उसके खिलाफ पुलिस द्वारा बेहद सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
