जालंधर (अंकित भास्कर):-पंजाब सरकार की “युद्ध नशे के विरुद्ध” मुहिम के तहत जालंधर कमिश्नरेट पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस कमिश्नर श्रीमती धनप्रीत कौर के नेतृत्व में जालंधर पुलिस ने एक बड़े नशा तस्करी रैकेट का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से कुल 13 किलो 100 ग्राम हेरोइन, 5 अवैध .32 बोर पिस्तौल, 12 जिंदा कारतूस, 3 मैगजीन, 3 लक्जरी गाड़ियां और ₹22,000 की नशे से अर्जित नकदी बरामद की है। 25 मई 2025 को आयोजित एक प्रेस वार्ता में सीपी जालंधर ने पहले दो मुख्य आरोपियों—शिवम सोढ़ी उर्फ शिवा निवासी सिमरन एन्क्लेव, और बरिंदर सिंह उर्फ बब्बू निवासी अमर नगर—की गिरफ्तारी और 13 किलो हेरोइन, 3 गाड़ियां, 2 पिस्तौल, 6 कारतूस और ₹22,000 की बरामदगी की जानकारी साझा की थी। इनके खिलाफ थाना डिवीजन नंबर 8 में NDPS एक्ट की धारा 21-C, 27-A, 61, 85 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25(1)B के अंतर्गत एफआईआर नं. 122 दिनांक 20.05.2025 को दर्ज की गई थी। पूछताछ के दौरान एक तीसरे साथी सुखजीत सिंह उर्फ सुखा निवासी विशम्बरपुरा, थाना छतीविंद, अमृतसर का नाम सामने आया, जिसे 23 जून 2025 को गिरफ्तार किया गया और उसके कब्जे से 100 ग्राम हेरोइन, 3 पिस्तौल और 6 जिंदा कारतूस भी मिले। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि सुखा के खिलाफ पहले से एक आपराधिक मामला दर्ज है। फिलहाल पूरे रैकेट की गहराई से जांच और इनके वित्तीय नेटवर्क की पड़ताल जारी है। जालंधर पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि नशे के इस जाल में शामिल हर व्यक्ति को जल्द न्याय के कटघरे में लाया जाएगा। यह कार्रवाई जालंधर पुलिस की नशे और अपराध के खिलाफ निरंतर लड़ाई का एक और महत्वपूर्ण अध्याय है।
