टिम साउदी ने इस पर बयान देते हुए कहा, ‘यह अच्छा है। अंत में दोनों टीमों की तरफ से जोश देखना हमेशा रोमांचक होता है।’ वहीं, राहुल ने कहा कि क्राउली की रणनीति उन्हें समझ में आती है क्योंकि वह खुद एक सलामी बल्लेबाज हैं।
स्पोर्ट्स डेस्क। भारत और इंग्लैंड के बीच लॉर्ड्स में खेले जा रहे टेस्ट के तीसरे दिन का अंतिम ओवर काफी मनोरंजन से भरपूर रहा था। दरअसल, भारत के ऑलआउट होने के बाद इंग्लैंड की टीम अपनी दूसरी पारी में बल्लेबाजी के लिए आई और ज्यादा ओवर का खेल न हो सके, इसके लिए उसके बल्लेबाज चोट लगने का ड्रामा करने लगे। इससे भारतीय टीम नाराज हो गई थी, खासतौर पर कप्तान शुभमन गिल, जिन्होंने क्राउली पर ‘इम्पैक्ट सब्सटीट्यूट’ का इशारा कर चुटकी भी ली थी। अब यह मामला चर्चा का विषय बन चुका है और दुनिया भर के क्रिकेटर्स और फैंस इस पर प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। इसी कड़ी में इंग्लैंड टीम के गेंदबाजी सलाहकार टिम साउदी का भी इस पर बयान आया है। उन्होंने भारतीय कप्तान शुभमन गिल पर भी इसी तरह की रणनीति बनाने का आरोप लगाया और कहा कि लॉर्ड्स टेस्ट के दूसरे दिन गिल मैदान पर पता नहीं मसाज (मालिश) क्यों ले रहे थे। वहीं, केएल राहुल ने कहा कि भारतीय फील्डर्स और घरेलू टीम के सलामी बल्लेबाजों के बीच हुई तीखी बहस टेस्ट क्रिकेट में एक कठिन मुकाबले का सार थी।