सुथार ने एक ओवर में 3 विकेट लेकर मैच पलटा
मैच के पांचवें दिन बुधवार को दूसरी पारी में श्रीलंका का स्कोर 75 ओवर में 6 विकेट पर 199 रन था। सुथार ने अगले ओवर में तीन विकेट लेकर भारत की जीत लगभग तय कर दी। इस ओवर में सुथार ने सोनल दिनुषा, प्रभात जयसूर्या और लाहिरु कुमारा को आउट किया। श्रीलंका का स्कोर 9 विकेट पर 199 रन हो गया। सुथार ने अपने अगले ओवर में केशरा नुवांथा को आउट कर श्रीलंका की पारी समेट दी।

भारत की पहली पारी: पडिक्कल का शतक
भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। देवदत्त पडिक्कल ने तीसरे नंबर पर उतरकर 230 गेंद में 167 रन बनाए। उनकी पारी में 15 चौके और एक छक्का था। उन्होंने केएल राहुल के साथ 162 रन की साझेदारी की।
केएल राहुल ने 82, ध्रुव जुरेल ने 51 और ऋषभ पंत ने 39 रन बनाए। भारत ने 462 रन बनाए। श्रीलंका की ओर से प्रभात जयसूर्या ने 4 और केशरा नुवानथा ने 3 विकेट लिए।
श्रीलंका की पहली पारी: दिनूषा का शतक
श्रीलंका की पहली पारी में सोनल दिनूषा ने 168 गेंद में 100 रन बनाए। निरोशन डिकवेला ने 80 रन की पारी खेली। भारत की ओर से मानव सुथार ने 4 और रवींद्र जडेजा ने 3 विकेट लिए। श्रीलंका पहली पारी में 284 रन बना सका।
दूसरी पारी में पंत ने 66 रन बनाए
भारत की दूसरी पारी 193 रन पर सिमट गई। ऋषभ पंत ने 69 गेंद में 66 रन बनाए। उन्होंने 8 चौके और 2 छक्के लगाए। पंत के अलावा केएल राहुल ने 35 और पडिक्कल ने 44 रन बनाए। श्रीलंका के लिए असिथा फर्नांडो ने 4, प्रभात जयसूर्या ने 3 और लहिरू कुमारा ने 2 विकेट लिए।
भारत वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में 5वें स्थान पर
भारत गॉल टेस्ट जीतने के बाद WTC पॉइंट्स टेबल में टीम 53.33% पॉइंट परसेंटेज के साथ 5वें नंबर पर है। भारत के 10 टेस्ट में 5 जीत, 4 हार और 1 ड्रॉ हैं। उसके खाते में 64 पॉइंट्स हैं। भारत के पास अब 9 टेस्ट बाकी हैं। श्रीलंका के खिलाफ एक, न्यूजीलैंड के खिलाफ दो और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच टेस्ट। यानी भारत के पास अधिकतम 108 पॉइंट्स और जोड़ने का मौका है। WTC में एक जीत के 12 पॉइंट्स मिलते हैं।
