मोहम्मद शमी ने टेस्ट क्रिकेट को कहा अलविदा: भावुक पोस्ट लिखकर बोले- “सफेद जर्सी से विदा ले रहा हूँ, यादों से नहीं”

- Advertisement -

अखंड केसरी ब्यूरो :- भारतीय टीम के प्रमुख तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा कर दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि वह सफेद जर्सी से विदा ले रहे हैं, लेकिन इससे जुड़ी यादें हमेशा उनके दिल में रहेंगी। शमी ने अपने शुरुआती दिनों को याद करते हुए कहा कि जब उन्होंने पहली बार भारत की टेस्ट जर्सी पहनी थी, तब केवल अपने देश के लिए कुछ खास कर दिखाने का सपना था। इसके बाद हर विकेट, संघर्ष, चोट और सफल वापसी ने उन्हें जीवन में बहुत कुछ सिखाया।

शमी ने टेस्ट प्रारूप को अपनी जिंदगी का बेहद खास हिस्सा बताते हुए कहा कि वह भारी मन और अनगिनत खूबसूरत यादों के साथ इस फॉर्मेट को अलविदा कह रहे हैं। उन्होंने इस लंबे सफर में साथ निभाने वाले साथी खिलाड़ियों, कोच, परिवार और करोड़ों भारतीय प्रशंसकों का आभार व्यक्त किया। साथ ही, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (CAB) को अपने हुनर पर भरोसा जताने और मौके देने के लिए धन्यवाद दिया। अंत में उन्होंने लिखा कि मैदान पर भले ही उनकी आखिरी टेस्ट गेंद फेंकी जा चुकी हो, लेकिन भारत के लिए खेलने का गर्व उनके दिल में हमेशा जिंदा रहेगा।

Share This Article
Leave a comment