पंजाब: मानसा में कल होगा दिवंगत सामाजिक कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा का अंतिम संस्कार, अपने ही खेतों में पंचतत्व में विलीन होगी देह

- Advertisement -

मंसा/जालंधर: पंजाब के मंसा से एक बड़ी और भावुक खबर सामने आ रही है, जहां नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले दिवंगत सामाजिक कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा का अंतिम संस्कार कल, यानी ७ नवंबर को दोपहर १:०० बजे किया जाएगा। प्रशासन, एक्शन कमेटी और पीड़ित परिवार के बीच पिछले २३ दिनों से चल रहा कड़ा गतिरोध आखिरकार समाप्त हो गया है। दिवंगत परविंदर सिंह झोटा का अंतिम संस्कार मंसा के चकेरिया रोड स्थित उनके अपने ही खेतों में किया जाएगा। यह जानकारी एक्शन कमेटी के मीडिया प्रभारी हरदीप सिंह सिद्धू ने साझा की है। उन्होंने बताया कि चंडीगढ़ के पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (PGI) में दिवंगत झोटा के पार्थिव शरीर का पोस्टमार्टम पूरा होने के बाद शव को उनके परिवार को सौंपने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

सिद्धू ने बताया कि परिवार की दिली इच्छा के अनुसार उनका अंतिम संस्कार उनके पैतृक खेतों में ही किया जाएगा। अंतिम संस्कार की तैयारियों के लिए एक्शन कमेटी और पीड़ित परिवार लगातार बैठकें कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं जुटाने में लगे हैं। वहीं, इस संवेदनशील मामले को देखते हुए मंसा जिला पुलिस और प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है और भारी भीड़ के जुटने की संभावना के मद्देनजर ट्रैफिक और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। गौरतलब है कि १३ अक्टूबर को मंसा के एक मेडिकल स्टोर में हुई हिंसक झड़प के दौरान परविंदर सिंह झोटा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिसके बाद इंसाफ की मांग को लेकर परिवार और विभिन्न संगठनों ने पोस्टमार्टम व अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया था। अब प्रशासन द्वारा परिजनों की मांगों को स्वीकार किए जाने और मामले की जांच सीबीआई को सौंपे जाने के बाद यह गतिरोध समाप्त हुआ है। इस अंतिम विदाई को लेकर समूचे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है।

Share This Article
Leave a comment