जालंधर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: फायरिंग मामले में झूठे तथ्य पेश करने वाला साहिल अरेस्ट, गोली चलाने वाले दो आरोपियों की पहचान

- Advertisement -

अखंड केसरी ब्यूरो :- कमिश्नरेट पुलिस जलंधर ने थाना डिवीजन नंबर 1 के अंतर्गत आने वाले गुरु नानक नगर (मोहल्ला दिल्ली कॉलोनी) में हुई फायरिंग की वारदात में अहम सफलता हासिल करते हुए शिकायतकर्ता साहिल को पुलिस को गुमराह करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है, जबकि वारदात में शामिल दो अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है।

मामले की जानकारी देते हुए एडीसीपी-1 श्री मुख्तियार राय (पीपीएस) ने बताया कि 4 नवंबर की रात गुरु नानक नगर इलाके में फायरिंग होने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची थी। वहां मौजूद साहिल नामक युवक ने पुलिस को बयान दिया कि दो अज्ञात व्यक्तियों ने उस पर और उसकी कार पर गोलियां चलाई हैं। साहिल के बयानों के आधार पर थाना डिवीजन नंबर 1 में संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर नंबर 359 दर्ज कर तफ्तीश शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस के सामने आया कि घटना से कुछ दिन पहले दोनों पक्षों के बीच परिवार की महिलाओं को गलत फोन कॉल करने को लेकर गंभीर विवाद हुआ था। इसके साथ ही दोनों पक्षों में पैसों के लेन-देन को लेकर भी पुराना झगड़ा चल रहा था। मामले की गहनता से पड़ताल करने पर खुलासा हुआ कि साहिल ने घटना से जुड़े सही तथ्य छिपाए और पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया, जिसके चलते पुलिस ने कार्रवाई करते हुए साहिल को गिरफ्तार कर लिया। एडीसीपी-1 ने आगे बताया कि फायरिंग में सीधे तौर पर शामिल दोनों आरोपियों की पहचान की जा चुकी है और उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है और सामने आने वाले नए तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Share This Article
Leave a comment