हथियारों से नहीं, साफ पानी और शुद्ध हवा से बचेगा जीवन: इनोसेंट हार्ट्स में बोले संत बलबीर सिंह सीचेवाल

- Advertisement -

जालंधर,  नवंबर: इनोसेंट हार्ट्स ग्रुप द्वारा ग्रीन मॉडल टाउन स्थित स्कूल में आयोजित एक विशेष समारोह को संबोधित करते हुए राज्य सभा सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने पर्यावरण संकट पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि धरती के लगातार बढ़ते तापमान और जलवायु परिवर्तन के कारण ग्लोबल वार्मिंग आज पूरी दुनिया के लिए सबसे गंभीर चुनौती बन चुकी है। संत सीचेवाल ने नेपाल में हाल ही में ग्लेशियर टूटने से मची भारी तबाही का उल्लेख करते हुए आगाह किया कि प्रकृति के साथ लगातार की जा रही मानवीय छेड़छाड़ के चलते ग्लेशियर तेजी से पिघल रहे हैं, जिसके परिणामस्वरूप कहीं विनाशकारी बाढ़ तो कहीं भयानक सूखे जैसे हालात पैदा हो रहे हैं।

वैश्विक संघर्षों पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि आज दुनिया में विनाशकारी हथियारों की कोई कमी नहीं है, लेकिन मानव जीवन के अस्तित्व के लिए अनिवार्य साफ पानी और शुद्ध हवा जैसे मूल संसाधन तेजी से खत्म हो रहे हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि आने वाली पीढ़ियों के लिए शुद्ध हवा और स्वच्छ जल का प्राकृतिक खजाना सुरक्षित छोड़ना हम सभी की साझा सामाजिक जिम्मेदारी है। इसके साथ ही, उन्होंने शिक्षण संस्थानों और स्कूल प्रबंधकों से अपील की कि वे बच्चों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखें, बल्कि उनमें नैतिक मूल्यों और पर्यावरण के प्रति दायित्वबोध का भी विकास करें ताकि वे भविष्य में एक जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभा सकें।

Share This Article
Leave a comment