जालंधर। नशे के खिलाफ निर्णायक जंग में जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए भारी मात्रा में मादक पदार्थों को नष्ट किया। कमिश्नर ऑफ पुलिस श्रीमती धनप्रीत कौर के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के तहत 40 प्री-ट्रायल और पोस्ट-ट्रायल मामलों में जब्त किए गए नशे को पूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गांव राओवाली स्थित एबीएस फूड एंड बेवरेजेस परिसर में नष्ट किया गया।
इस दौरान वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में पारदर्शिता को सुनिश्चित किया गया। पुलिस की ओर से नष्ट किए गए नशे में 11 किलो 195 ग्राम पोपी हस्क, 2 किलो 266 ग्राम हेरोइन, 2 किलो 520 ग्राम गांजा और 10 ग्राम नशे का पाउडर शामिल था। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस कार्रवाई का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि जब्त नशा किसी भी हालत में दोबारा अवैध बाजार में न पहुंचे और समाज में इसके दुरुपयोग की कोई संभावना न रहे।
इस अभियान की देखरेख डीसीपी इन्वेस्टिगेशन श्री मनप्रीत सिंह ढिल्लों, एडीसीपी इन्वेस्टिगेशन श्री जयंता पुरी, एडीसीपी श्री परामजीत सिंह और एसीपी पीबीआई (एनडीपीएस-नारकोटिक्स) श्री संजय कुमार ने की। कमिश्नर ऑफ पुलिस धनप्रीत कौर ने कहा कि “यह कार्रवाई साफ तौर पर दर्शाती है कि पुलिस नशे को जड़ से खत्म करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। भविष्य में ऐसे अभियान और अधिक सख्ती और तीव्रता के साथ जारी रहेंगे, ताकि जालंधर को नशामुक्त और सुरक्षित शहर बनाया जा सके।
