रोजगार मेले में 180 से अधिक नवनियुक्त युवाओं को मिला सुनहरा अवसर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो संदेश के माध्यम से दी शुभकामनाएँ

जालंधर, 24 अक्टूबर 2025:- युवा-सशक्त भारत के निर्माण की दिशा में एक और अहम कदम बढ़ाते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने आज देशभर में आयोजित रोजगार मेलों के 17वें चरण के तहत नवनियुक्त युवाओं को संबोधित किया और 51,000 से अधिक नियुक्ति पत्र वितरित किए। प्रधानमंत्री ने अपने वीडियो संदेश में युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि यह नियुक्तियाँ केवल रोजगार नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की नींव हैं। इस अवसर पर डॉ. बी. आर. अंबेडकर राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी), जालंधर में आयोजित विशेष कार्यक्रम में पंजाब परिमंडल के मुख्य पोस्टमास्टर जनरल श्री विनोद कुमार वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने 180 से अधिक चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।

 

अपने प्रेरक संबोधन में श्री वर्मा ने युवाओं से कहा कि जीवन में सफलता पाने के लिए निरंतर मेहनत और सीखने की प्रवृत्ति आवश्यक है। उन्होंने युवाओं को पुस्तकों और समाचार पत्रों से जुड़े रहने की सलाह देते हुए कहा कि पढ़ाई और ज्ञानार्जन का क्रम कभी नहीं रुकना चाहिए। कर्मयोगी प्लेटफॉर्म के माध्यम से उपलब्ध निःशुल्क प्रशिक्षण और संसाधनों की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि यह मंच युवाओं के कौशल विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा।

 

एनआईटी जालंधर के निदेशक प्रो. बिनोद कुमार कनौजिया ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए नवनियुक्तों को बधाई दी और कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में 2022 से प्रारंभ हुए रोजगार मेलों ने लाखों युवाओं को नई पहचान दी है। उन्होंने कहा कि इस अभियान ने न केवल रोजगार सृजन को गति दी है, बल्कि युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ा है। इस अवसर पर सीमा सुरक्षा बल के उप कमांडेंट श्री कुलदीप कुमार गुप्ता, राष्ट्रीय उर्वरक लिमिटेड, नंगल के मुख्य प्रबंधक श्री बहादुर सिंह, श्री ऋषि कांत वर्मा, पंजाब पश्चिमी क्षेत्र, चंडीगढ़ के निदेशक डाक सेवाएं डॉ. परवीन कुमार सारस्वत और आरसीएफ कपूरथला से श्री हेमंत सुलानिया भी उपस्थित रहे।

यह आयोजन युवाओं में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार करते हुए यह संदेश देता है कि भारत का भविष्य उनके मजबूत कंधों पर टिका है और देश की प्रगति की रफ्तार उनके हाथों से ही तय होगी।

Share This Article
Leave a comment