लूट की वारदात के बाद से कमिश्नरेट पुलिस की स्पेशल टीमें आरोपियों को ट्रेस करने में जुटी हुई थीं। पुलिस को इनपुट मिला था कि आरोपी अजमेर की तरफ फरार हुए हैं, जिसके बाद टीमें वहां भेजी गईं और तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि, आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस अधिकारियों ने अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। जानकारी के अनुसार, पुलिस के उच्च अधिकारी जल्द ही इस मामले को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सकते हैं।

मुख्य आरोपी कुशल हत्या मामले में जेल जा चुका
भार्गव कैंप के विजय ज्वेलर को लूटने वाला मुख्य आरोपी कुशल ने लांबड़ा में किसी की हत्या की थी। थाना भार्गव कैंप पुलिस का कहना है कि हत्या मामले का रिकॉर्ड मंगवाया गया है। ये हत्या 2021 में हुई थी। इस मामले में उसे 10 साल की कैद हुई थी। इसके बाद वह 4 साल की कैद काटकर बेल पर आया था। जालंधर के अलग-अलग थानों में इस पर 6 पर्चे हैं। इनमें एनडीपीसी, लड़ाई-झगड़े के भी केस दर्ज हैं।

दूसरा आरोप गगन शराब तस्करी में जेल जा चुका है
विजय ज्वेलर लूट का दूसरा आरोपी गगन है। उस पर भी विभिन्न थानों में शराब तस्करी के मामले दर्ज हैं। थाना भार्गव कैंप पुलिस ने बताया कि तीनों का क्रिमिनल रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। उनके थाने में इनके खिलाफ मामला दर्ज नहीं है। दूसरे थानों से पुराना रिकॉर्ड मंगवाया है। इसको देखने के बाद ही डिटेल में कुछ बताया जा सकता है।
