नई दिल्ली, 6 नवंबर — विश्वकप में शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम करने वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने आज प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी से उनके आधिकारिक निवास पर सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने टीम की कप्तान सहित सभी खिलाड़ियों को ऐतिहासिक जीत के लिए हार्दिक बधाई दी और उनके जज्बे, संघर्ष और समर्पण की सराहना की। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने न केवल देश का मान बढ़ाया है बल्कि देश की करोड़ों बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी है। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में और भी ऊंचाइयां छूने का आशीर्वाद दिया तथा खेल भावना को जीवन का आधार मानने की प्रेरणा दी। महिला खिलाड़ियों ने भी प्रधानमंत्री के प्रोत्साहन और निरंतर समर्थन के लिए आभार जताया और कहा कि प्रधानमंत्री के प्रेरणादायी शब्द हमेशा उन्हें नई ऊर्जा और उत्साह प्रदान करते हैं। यह मुलाकात उत्साह, गर्व और देशभक्ति से ओतप्रोत रही, जिसने पूरे राष्ट्र के दिलों में गर्व की भावना जगा दी।
