बिहार में एनडीए की आंधी, महागठबंधन के कई दिग्गज हुए ढ़ेर

बिहार चुनाव में एनडीए को एकतरफा बढ़त मिली। प्रमुख मंत्रियों और दिग्गज नेताओं ने जीत हासिल की, जबकि महागठबंधन के कई दिग्गज हार गए।

 

नवंबर 15, नई दिल्ली:- बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की जबरदस्त सुनामी देखी गई। सत्ता पक्ष के दिग्गज नेताओं ने शानदार प्रदर्शन किया, जबकि विपक्षी महागठबंधन के बड़े चेहरे प्रभाव नहीं दिखा सके। जनता ने मुकाबले को एकतरफा बना दिया और एनडीए के पक्ष में स्पष्ट लहर दिखाई दी।

हॉट सीटों पर भी एनडीए का दबदबा रहा। तारापुर से उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी विजयी रहे।

लखीसराय से उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा को सफलता मिली। सीवान से स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय जीते। बांकीपुर से पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने बड़ी जीत दर्ज की। अलीनगर से लोक गायिका मैथिली ठाकुर ने जीत के साथ राजनीति में कदम रखा। दरभंगा से मंत्री संजय सरावगी विजयी रहे।दानापुर से पूर्व केंद्रीय मंत्री राम कृपाल यादव ने जीत दर्ज की। बक्सर से पूर्व आईपीएस अधिकारी आनंद मिश्रा भाजपा के टिकट पर जीते। मोकामा में जदयू के चार बार के विधायक अनंत कुमार सिंह ने फिर बाजी मारी। चर्चित सीट राघोपुर से पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव विजयी रहे।

वहीं कई दिग्गज नेताओं को हार का सामना करना पड़ा। छपरा से भोजपुरी फिल्म अभिनेता खेसारी लाल यादव को हार मिली। महुआ से पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव भी चुनाव हार गए।

अन्य प्रमुख विजेताओं में बेतिया से भाजपा की पूर्व उपमुख्यमंत्री रेणु देवी, कटिहार से भाजपा के पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, जमुई से अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज और विधायक श्रेयसी सिंह, धमदाहा से मंत्री लेसी सिंह, झंझारपुर से पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. जगन्नाथ मिश्रा के पुत्र नीतीश मिश्रा शामिल हैं।

चुनाव में इस बार मतदान भी ऐतिहासिक रहा। राज्य में 1951 के बाद सबसे अधिक 67.13% मतदान दर्ज किया गया, जो पिछले चुनाव से 9.6% अधिक है। इसमें पुरुषों की भागीदारी 62.98%, जबकि महिलाओं की भागीदारी 71.78% रही।

 

Share This Article
Leave a comment