अखंड केसरी ब्यूरो :- जालंधर में पंजाब सरकार की नशा विरोधी मुहिम के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। माननीय पुलिस कमिश्नर जालंधर श्रीमती धनप्रीत कौर आईपीएस के निर्देशों तथा डीसीपी इन्वेस्टिगेशन, एडीसीपी इन्वेस्टिगेशन और एसीपी डिटेक्टिव जालंधर के दिशा-निर्देशों के अनुसार स्पेशल सेल कमिश्नरेट जालंधर की टीम ने नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को 500 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 11 जनवरी 2026 को उस समय की गई, जब स्पेशल सेल की टीम, इंचार्ज एसआई मनजिंदर सिंह की निगरानी में पिम्स अस्पताल के सामने नाकाबंदी के दौरान मौजूद थी। इसी दौरान एक एक्टिवा स्कूटर पर सवार दो व्यक्तियों को शक के आधार पर रोका गया। पूछताछ में एक्टिवा चालक ने अपना नाम जॉन मुस्ताक पुत्र मकबूल निवासी मोहल्ला कन्यावाली, गढ़ा जालंधर बताया, जबकि पीछे बैठे व्यक्ति ने अपना नाम राजेश दुग्गल उर्फ बॉबी पुत्र स्वर्गीय चंद्र प्रकाश निवासी वरियाम नगर कूल रोड, जालंधर बताया। जब पुलिस टीम ने एक्टिवा स्कूटर नंबर PB08-EQ-7224 की डिग्गी की तलाशी ली तो उसमें से 500 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जो एनडीपीएस एक्ट के तहत भारी मात्रा में आती है। इस संबंध में थाना डिवीजन नंबर-7 कमिश्नरेट जालंधर में मामला नंबर 7 दिनांक 11.01.2026 धारा 21C, 61, 85 एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों से आगे-पीछे के लिंक खंगाले जा रहे हैं और यह पता लगाया जा रहा है कि हेरोइन की सप्लाई कहां से लाई गई और किन-किन लोगों तक पहुंचाई जानी थी। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी जॉन मुस्ताक के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है। जालंधर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नशे के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
