जालंधर- होशियारपुर जिले के मुक़ेरियां में बीती देर रात चोरों ने एक सर्राफा शोरूम को निशाना बनाते हुए बड़ी वारदात को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार चोरों ने शोरूम से करीब *डेढ़ करोड़ रुपये* मूल्य का कीमती सामान चुरा लिया। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक *जंगी लाल महाजन* मौके पर पहुंचे और शोरूम मालिक व पुलिस अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। घटना के बाद सामने आई *सीसीटीवी फुटेज* में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि *10 से 12 लोगों* के एक गिरोह ने योजनाबद्ध तरीके से इस चोरी को अंजाम दिया। फुटेज के आधार पर पुलिस जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चोर करीब *45 किलोग्राम चांदी* और *400 ग्राम सोना* लेकर फरार हो गए। पुलिस ने आसपास के इलाकों में नाकाबंदी कर दी है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा किया जा रहा है। घटना के बाद व्यापारियों में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और गश्त बढ़ाने की बात कही है।
