परिजन ने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा गोली मारकर उनकी हत्या किए जाने की आशंका जताई है। परिवार के मुताबिक, विनोद कुमार की किसी के साथ कोई दुश्मनी नहीं थी, न ही किसी प्रकार की उन्हें कोई धमकी मिली थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है।


ट्रेनिंग खत्म कर घर लौट रहे थे विनोद कुमार, भाई को फोन कर बुलाया था बाईपास
मृतक हेड कांस्टेबल के परिजन से मिली जानकारी के अनुसार, विनोद कुमार पठानकोट के सुजानपुर में वायरलेस पर ड्यूटी में तैनात थे। मौजूदा समय में वह फिल्लौर ट्रेनिंग पर गए थे।
वापसी पर रविवार शाम (15 नवंबर) को उन्होंने अपने भाई को फोन किया कि वह माणकौर बाईपास पर खड़े हैं। उन्हें वहां से घर ले जाएं। यह उनकी परिजन से अंतिम बातचीत थी।
मौके पर नहीं मिले तो शुरू की तलाश, रास्ते में पड़ा मिला शव
परिजन के मुताबिक, जब भाई उन्हें लेने के लिए बताए गए स्थान पर पहुंचा तो विनोद कुमार वहां मौजूद नहीं थे। अनहोनी की आशंका के चलते परिजनों ने आसपास उनकी तलाश शुरू की, जिसके दौरान रात करीब 1 बजे रास्ते में ही विनोद कुमार का शव पड़ा मिला। परिजन का कहना है कि किसी अज्ञात हमलावर ने विनोद को गोली मारी है।
सिविल अस्पताल में रखवाया शव
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल, गुरदासपुर की मॉर्च्युरी में रखवा दिया है।
गुरदासपुर के एसएसपी आदित्य का कहना है कि परिवार ने गोलियां लगने की बात कही है। हालांकि, अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट व पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
2 बच्चों के पिता थे विनोद, पिता की पहले ही मौत हो चुकी
हेड कांस्टेबल विनोद कुमार 2 बच्चों के पिता थे। 9 साल का बड़ा बेटा राघव और 5 साल का बेटा प्रिंस। विनोद के पिता सरदारी लाल की मौत हो चुकी है। जबकि, उनकी माता कुंती देवी 70 साल की बुजुर्ग हैं।
विनोद की पत्नी प्रीति लखविंदर कौर घरेलू महिला हैं। इन सभी की जिम्मेदारी विनोद कुमार पर ही थी। विनोद के भाई भी हैं, लेकिन वह अलग घर में रहते हैं।

