अमृतसर में 15 करोड़ की हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार, 3 पिस्टल भी बरामद

- Advertisement -
अमृतसर– अमृतसर में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को 3 किलो हेरोइन और हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 15 करोड़ रुपए बताई जा रही है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 3 पिस्टल, दो मैगजीन, 90 जिंदा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है। आरोपी के खिलाफ थाना अजनाला में मामला दर्ज किया गया है।

बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार था आरोपी

सब इंस्पेक्टर/SHO अपनी टीम के साथ गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश के संबंध में अजनाला से गुजरपुरा रोड की तरफ जा रहे थे। इस दौरान पुलिस टीम गांव गुजरपुरा को मुड़ने वाले रास्ते पर नेशनल हाईवे के निर्माणाधीन पुल के नीचे पहुंची। तभी गांव गुजरपुरा की तरफ से एक युवक बिना नंबर प्लेट वाली काले रंग की बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल पर आता दिखाई दिया।

पुलिस टीम ने उसे काबू कर लिया

युवक ने अपनी पीठ पर काले रंग का भारी किट बैग लटकाया हुआ था। पुलिस के अनुसार, कुछ दूरी आगे जाकर मोटरसाइकिल फिसल गई और युवक बाइक समेत जमीन पर गिर पड़ा। इसी दौरान पुलिस टीम ने उसे काबू कर लिया।

बैग से 3 किलो हेरोइन बरामद हुई

तलाशी लेने पर उसके किट बैग से 3 किलो हेरोइन बरामद हुई। इसके अलावा एक .30 बोर पिस्टल, दो 9X19 एमएम पिस्टल, दो मैगजीन, जिनमें से एक टूटी हुई थी, 43 जिंदा 9 एमएम कारतूस और 311/25 मार्किंग वाले 47 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

हेरोइन और हथियारों के सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने हथियारों, हेरोइन और मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ थाना अजनाला में केस दर्ज किया है। अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि वह हेरोइन और हथियार कहां से लेकर आया था।

Share This Article
Leave a comment