सोनिया गांधी के कार्यक्रम में कैप्टन की मौजूदगी, कांग्रेस में वापसी पर बोले- ऐसा कुछ नहीं है

- Advertisement -

मोहाली– पंजाब में अगले कुछ महीनों में विधानसभा चुनाव होने हैं। इससे पहले कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब बिलॉन्गिंग अ जर्नी ऑफ लव के विमोचन समारोह में पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह भी पहुंचे। समारोह में उनके पहुंचते ही पत्रकारों ने उनसे कांग्रेस में घर वापसी को लेकर सवाल किया। इस पर कैप्टन ने साफ कहा कि ऐसी कोई बात नहीं है। हालांकि, पिछले कुछ समय से उनके कांग्रेस में लौटने की अटकलें लगातार लगाई जा रही हैं।

कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि उन्होंने सोनिया गांधी की किताब पढ़ ली है और कल ही इसे पूरा किया है। उन्होंने कहा, “यह भावुक कर देने वाला पल था। सोनिया गांधी ने अपनी सोच और दिल की बातें किताब में लिखी हैं। उन्होंने अपने जीवन में जो कुछ महसूस किया और देखा, उसे इसमें साझा किया है। मैं भी उनके साथ पार्टी में रहा हूं। किताब में लिखी कई बातें पढ़कर मुझे भी पुरानी यादें ताजा हो गईं।”

राहुल गांधी ने सुनाया राजीव-सोनिया के झगड़े का किस्सा

समारोह के दौरान राहुल गांधी ने अपने माता-पिता राजीव गांधी और सोनिया गांधी के रिश्ते से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया कि उन्होंने और उनकी बहन प्रियंका गांधी ने अपने माता-पिता को पूरी जिंदगी में सिर्फ एक बार झगड़ते हुए देखा था। खास बात यह थी कि उस समय राजीव गांधी फोन पर पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह से बात कर रहे थे।

राहुल गांधी ने बताया कि उस दिन राजीव गांधी फोन पर बात कर रहे थे और सोनिया गांधी उनसे कुछ कहना चाहती थीं। उन्होंने अपनी बात तीन-चार बार दोहराई, लेकिन राजीव गांधी पहले से ही तनाव में थे। बार-बार बात दोहराए जाने पर वह नाराज हो गए और उन्होंने गुस्सा जाहिर किया।

राहुल गांधी ने कहा कि उन्होंने और प्रियंका गांधी ने अपने माता-पिता को पूरी जिंदगी में सिर्फ इसी एक मौके पर झगड़ते हुए देखा था।

सोनिया गांधी की बुक रिलीज में पहुंचे भाजपा नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह । - Dainik Bhaskarसोनिया गांधी की बुक रिलीज में पहुंचे भाजपा नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह ।

ऐसे बीजेपी जाने की सिलसिला हुआ शुरू

कैप्टन अमरिंदर सिंह की कांग्रेस में वापसी की चर्चाएं जून 2026 से शुरू हुईं। 2 जून को भाजपा नेतृत्व से उनकी नाराजगी और राहुल गांधी की ओर से उन्हें जन्मदिन की बधाई व शोक संदेश भेजे जाने की खबरें सामने आईं। अगस्त में राहुल गांधी ने इंस्टाग्राम सेशन के दौरान कैप्टन को भाजपा में अपना ‘सबसे पसंदीदा नेता’ बताया। इसके बाद सितंबर में कैप्टन ने भाजपा में अपनी अनदेखी और सलाह नहीं लिए जाने पर सार्वजनिक रूप से असंतोष जताया।

15 अक्टूबर को पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट ने एक इंटरव्यू में उनकी वापसी के सवाल पर कहा कि राजनीति में कुछ भी संभव है। इससे चर्चाओं को और हवा मिली। 16 नवंबर को दिल्ली में सोनिया गांधी के संस्मरण के विमोचन समारोह में कैप्टन इकलौते भाजपा नेता के रूप में अग्रिम पंक्ति में नजर आए। हालांकि, कैप्टन ने कांग्रेस में लौटने की अटकलों को खारिज करते हुए भाजपा में ही बने रहने की बात कही है।

Share This Article
Leave a comment