जालंधर- कमिश्नरेट पुलिस जालंधर ने पीएनबी बैंक लूटकांड का सफलतापूर्वक पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी कामयाबी हासिल की है। इस संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि 06 अप्रैल 2026 को करीब दोपहर 2:35 बजे दो नकाबपोश व्यक्तियों ने मोहल्ला बैंक एनक्लेव, खुरला किंगरा स्थित पीएनबी बैंक में घुसकर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। इस घटना के बाद थाना डिवीजन नंबर 7 में केस नंबर 65 दिनांक 06.04.2026 के तहत धारा 309(4) बीएनएस और 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया और तुरंत जांच शुरू की गई।
पुलिस कमिश्नर श्रीमती धनप्रीत कौर, डीसीपी इन्वेस्टिगेशन श्री मनप्रीत सिंह ढिल्लों, एडीसीपी-2 श्री राकेश कुमार यादव के नेतृत्व में तथा एसीपी डिटेक्टिव श्री अमरबीर सिंह, एसीपी मॉडल टाउन श्री संजय कुमार, क्राइम ब्रांच इंचार्ज इंस्पेक्टर सरबजीत सिंह और एसआई रमेश कुमार की देखरेख में विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में मामले को ट्रेस कर लिया और मुख्य आरोपी सिमरनजीत सिंह उर्फ अमरिक सिंह पुत्र हरभजन सिंह निवासी हाउस नंबर 577, ग्रीन मॉडल टाउन, जालंधर को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया एक रिवॉल्वर, 3 जिंदा कारतूस और लूटी गई नकदी का कुछ हिस्सा बरामद किया गया है। पुलिस द्वारा आरोपी के दूसरे साथी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और उसे भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने बताया कि आरोपी को माननीय अदालत में पेश कर रिमांड लिया जाएगा, ताकि उससे अन्य वारदातों के बारे में भी पूछताछ की जा सके।
जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले भी विभिन्न आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें वर्ष 2019 में धोखाधड़ी और 2023 में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला शामिल है। कमिश्नरेट पुलिस ने इस कार्रवाई को बड़ी सफलता बताते हुए कहा कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
