दशहरा ग्राउंड में मिली लाश को लेकर बवाल : शीतल अंगुराल और SHO में तीखी बहस, पुलिस पर गंभीर आरोप

जालंधर-  जालंधर थाना डिवीजन नंबर 5 में आते बस्ती शेख स्थित ऐतिहासिक दशहरा ग्राउंड से बिहार के युवक की डेडबॉडी मिली। जिस बंद कमरे से डेडबॉडी मिली उसमें सीरिंज बिखरी थीं। लोगों ने शव देख पुलिस और भाजपा नेता शीतल अंगुराल को मौके पर बुलाया।

इस दौरान भाजपा नेता ने कहा की मौत नशे के कारण हुई है। इस बीच एसएचओ संजय और शीतल के बीच तीखी बहस हो गई। शीतल ने आरोप लगाया कि कमरे के अंदर घुसे पुलिस मुलाजिम ने लाश का मुआयना करने बाद वहां से सीरिंज उठाकर बाहर फेंक दी।

थाना डिवीजन नंबर 5 की पुलिस टीम पर ये भी आरोप लगाया गया कि डेडबॉडी ले जाने के लिए माल ढोने वाला वाहन मंगवाया गया जबकि एंबुलेंस मंगवाई जानी चाहिए।

मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में मृतक की पहचान भूषण कुमार के रूप में हुई है। वह कुछ दिन पहले ही बिहार से जालंधर आया था, जबकि उसके माता-पिता पिछले करीब 5 साल से जालंधर में रह रहे हैं।

जालंधर में दशहरा ग्राउंड से मिली डेडबॉडी। - Dainik Bhaskar

जालंधर में दशहरा ग्राउंड से मिली डेडबॉडी।

युवक की डेडबॉडी के पास मिली सिरिंज।
युवक की डेडबॉडी के पास मिली सिरिंज।
लाश निकालने के लिए कमरे का दरवाजा तोड़ता युवक।
लाश निकालने के लिए कमरे का दरवाजा तोड़ता युवक।
डेडबॉडी की शिनाख्त करतीं मृतक की मां।
डेडबॉडी की शिनाख्त करतीं मृतक की मां।

पुलिस ने सिरिंज-कैप्सूल मिलने की बात स्वीकार की

पुलिस के अनुसार मौके से एक सिरिंज और कुछ कैप्सूल मिलने की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इन चीजों के आधार पर अभी मौत को नशे की ओवरडोज बताना जल्दबाजी होगी।

अधिकारियों के मुताबिक डॉक्टरों का विशेष मेडिकल बोर्ड पोस्टमार्टम करेगा और जरूरत के अनुसार विसरा जांच के लिए भेजा जाएगा। मेडिकल जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई।

लोग बोले-SHO-DSP को कई बार शिकायतें दी

घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठे हैं। स्थानीय कृष्णा ने आरोप लगाया कि दशहरा ग्राउंड परिसर में बने कमरों में रात के समय असामाजिक तत्वों का आना-जाना रहता है और वहां नशे सहित अन्य गतिविधियां होती हैं।

वार्ड नंबर 54 के पार्षद पुत्र कृष्णा ने दावा किया कि इस संबंध में थाना नंबर 5 के SHO और DSP को कई बार शिकायतें दी गईं, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि बस्ती शेख और बस्ती दानिशमंदां इलाके में नशे, लूटपाट और आपराधिक गतिविधियों को लेकर लोगों में डर का माहौल है।

भाजपा नेता और बस्ती थाने के एसएचओ के बीच होती बहस।
भाजपा नेता और बस्ती थाने के एसएचओ के बीच होती बहस।

जानें भाजपा नेता शीतल ने क्या कहा…

पुलिस ने मौके से सिरिंज हटाने की कोशिश की: उधर पूर्व विधायक और भाजपा नेता शीतल अंगुराल भी घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस व पंजाब सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि मौके पर सिरिंज और इंजेक्शन जैसी चीजें पड़ी थीं, जिन्हें पुलिस कर्मचारियों द्वारा हटाए जाने की कोशिश की गई।

उन्होंने आरोप लगाया कि घटनास्थल पर पर्याप्त फोरेंसिक प्रक्रिया और वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी के बिना शव को मौके से हटाया गया। अंगुराल ने मामले में हत्या की आशंका से भी इनकार नहीं किया और मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए।

पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई हो: शीतल अंगुराल ने यह भी आरोप लगाया कि यदि मौके पर कोई सबूत हटाया गया है तो ऐसा करने वाले पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने पंजाब सरकार की नशे के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम पर सवाल उठाते हुए कहा कि जमीनी स्तर पर हालात अलग दिखाई दे रहे हैं।

उन्होंने पीड़ित परिवार को इंसाफ दिलाने के लिए आंदोलन की चेतावनी भी दी और कहा कि यदि वरिष्ठ अधिकारी मौके पर आकर स्थिति स्पष्ट नहीं करते तो वे जनता को साथ लेकर विरोध प्रदर्शन करेंगे।

मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी ने मामले को शांत करवाया।
मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी ने मामले को शांत करवाया।

पुलिस बोली-सबूतों से छेड़छाड़ नहीं की गई

हालांकि पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ के आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल की पूरी वीडियोग्राफी करवाई गई है और वहां से मिले सभी जरूरी सबूतों को सुरक्षित रखा गया है। पुलिस के अनुसार ऐसी स्थिति में साक्ष्यों को खुर्द-बुर्द किए जाने का सवाल ही पैदा नहीं होता। अधिकारियों ने कहा कि जांच पूरी तरह तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है।

Share This Article
Leave a comment