चंडीगढ़ ब्यूरो :- चंडीगढ़ में एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता के दौरान पंजाब के कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने राज्य की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता को स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों से मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में यह लगातार प्रयास किया जा रहा है कि पंजाब की शांति और सद्भाव को भंग करने वाले किसी भी असामाजिक, राष्ट्रविरोधी या पंजाब-विरोधी तत्व को बख्शा न जाए। हालांकि, मौजूदा समय की कड़वी सच्चाई यह है कि राज्य में होने वाले या प्रयास किए जाने वाले अधिकांश अपराध अब दूसरे राज्यों या विदेशों में बैठे गैंगस्टर्स और अपराधियों द्वारा संचालित किए जा रहे हैं। तकनीक के इस आधुनिक युग में वे राज्य या देश की सीमाओं से बाहर बैठकर भी आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने में कामयाब हो जाते हैं। इस गंभीर चुनौती से पार पाने और अपराधियों के नापाक मंसूबों को विफल करने के लिए, पंजाब पुलिस ने इसी साल जनवरी में ‘ओएफटेक’ (OFTEC – Overseas Fugitive Tracking and Extradition Cell) यानी भगोड़ा ट्रकिंग और प्रत्यर्पण सेल का गठन किया था। इस विशेष सेल ने अपने गठन के महज़ सात महीनों के भीतर ही अभूतपूर्व और ऐतिहासिक सफलताएं हासिल की हैं। इसी का परिणाम है कि इस पहल के तहत अब तक कई हार्डकोर अपराधियों और कुख्यात गैंगस्टर्स समेत कुल 9 भगोड़ों को विदेशों से सफलतापूर्वक प्रत्यर्पित कर पंजाब वापस लाया जा चुका है, जिससे यह साफ जाहिर होता है कि कानून के हाथ अब देश की सीमाओं से बाहर तक लंबे हो चुके हैं।
