AAP पंजाब में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल, जगरूप सिंह सेखवां बने प्रदेश उपाध्यक्ष

चंडीगढ़: आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब ने संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से बड़ा संगठनात्मक फेरबदल किया है। पार्टी की ओर से जारी आधिकारिक सूची के अनुसार वरिष्ठ नेता जगरूप सिंह सेखवां को पंजाब इकाई का प्रदेश उपाध्यक्ष (स्टेट वाइस प्रेसिडेंट) नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही पार्टी ने जालंधर नॉर्थ, फतेहगढ़ चूड़ियां और पट्टी विधानसभा क्षेत्रों में नए हलका प्रभारियों की नियुक्ति की घोषणा की  है।

जालंधर नॉर्थ विधानसभा क्षेत्र से जालंधर के मेयर विनीत धीर को हलका इंचार्ज नियुक्त किया गया है। पार्टी नेतृत्व ने उनके संगठनात्मक अनुभव और जनसंपर्क को देखते हुए यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। वहीं फतेहगढ़ चूड़ियां और पट्टी विधानसभा क्षेत्रों में भी नए हलका प्रभारियों की नियुक्ति कर संगठन को और अधिक सक्रिय बनाने की दिशा में कदम बढ़ाया गया है।

पार्टी नेतृत्व ने कहा कि यह संगठनात्मक बदलाव आगामी राजनीतिक गतिविधियों और जनसंपर्क अभियान को गति देने के लिए किए गए हैं। नए पदाधिकारियों को कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी दी गई है। आम आदमी पार्टी की राज्य और केंद्रीय नेतृत्व ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे तथा संगठन को नई मजबूती प्रदान करेंगे।

Share This Article
Leave a comment